PM Narendra Modi
मुंबई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) १९ जनवरी को मुंबई का दौरा करेंगे और इस दौरान मोदी मुंबई मेट्रो २ए (Mumbai Metro 2A) और ७ तथा नवी मुंबई मेट्रो का शुभारंभ करेंगे। इसके अलावा अन्य भी कई प्रोजेक्ट्स हैं जिनका उद्घाटन प्रधानमंत्री के हाथों होगा। इसमें ठाणे में एक कैंसर अस्पताल और सड़क प्रोजेक्ट का उद्घाटन भी शामिल है।
आगामी महानगरपालिका चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री के हाथों इन प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिये राजनीतिक तौर पर काफी अहम है। खास तौर पर तब जब बीजेपी और शिंदे की बालासाहेबांची शिवसेना की नजर देश की सबसे समृद्ध मनपा पर कब्जे के लिये टिकी हों। दोनों का लक्ष्य उद्धव बालासाहेबा ठाकरे की शिवसेना को पराजित कर मुंबई मनपा पर कब्जा जमाने का है।
यही वजह है कि बीजेपी प्रधानमंत्री के इस दौरे का पूरा लाभ लेने की तैयारी में जुट गई है। बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में एक भव्य समारोह आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। इस कार्यक्रम के जरिये बीजेपी अपने नेता प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में अपनी शक्ति का प्रदर्शन करने को तैयार है। गौरतलब है कि बीजेपी ने पहले ही जागर यात्रा शुरु कर दी है। इस यात्रा का उद्देश्य मुंबई में अपने कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाना है। पार्टी ने आगामी मनपा चुनाव एकनाथ शिंदे की पार्टी के साथ मिलकर लड़ने का ऐलान कर दिया है। हालांकि अभी तक दोनों के बीच सीट बंटवारे को लेकर किसी समझौते की खबर नहीं है।
Editorial

Editorial

Next Story