love marriage suicide
उदयपुर. नगर संवाददाता : शहर के समीप नाई थाना क्षैत्र में दस माह पूर्व प्रेम विवाह करने वाली युवती ने गुरुवार सुबह साड़ी से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि उसकी बेटी की हत्या कर फांसी पर लटका कर सबूत नष्ट किए है। शव को एमबी चिकित्सालय के मुर्दाघर में रखवाया गया। मृतका का शुक्रवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम होगा।
जानकारी के अनुसार चेतना (22) पुत्री कालूलाल प्रजापत निवासी मादड़ी ने गत 18 फरवरी को सीसारमा निवासी निर्मल पुत्र तुलसीराम प्रजापत के साथ नगर निगम में प्रेम विवाह किया था। गुरुवार सुबह उसने करीब दस बजे कमरे में लोहे के एंगल में साड़ी से फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर वर्तमान में नाई थाना प्रभारी एएसआई हरिराम मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। जिन्होने दरवाजा तोड़ा और फंदे पर लटक रही विवाहिता के शव को नीचे उतारा, एमबी चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया ।
मृतका की मां लक्ष्मीबाई प्रजापत ने रिपोर्ट दी कि उसकी बेटी से निर्मल ने प्रेम विवाह किया उसके बाद से वह और उसकी मां जसोदाबाई, ननद गरिमा पीहर वालों से मिलने नहीं देते थे । यहां तक कि उसे फोन पर भी बात नहीं करने देते थे। करीब सात-आठ दिन पहले भाई देवेन्द्र उससे मिलने गया तो उस दौरान भी उसकी बेटी को प्रताड़ित किया कि भाई से मिलने से हमारे परिवार की बदनामी होती है। बुधवार रात को साढ़े नौ बजे बेटी ने फोन कर उससे कहा कि उसे यहां से ले जाओ। उसकी बेटी के ससुराल में सामाजिक कार्यक्रम के कारण वह उसे नहीं लेकर आई, चार-पांच दिन बाद ले जाने की बात कही। गुरूवार सुबह पुलिस से सूचना मिली की चेतना ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की मां ने बताया कि उसकी बेटी आत्महत्या नहीं कर सकती उसे मार कर लटकाया गया है।
दूसरी ओर निर्मल के पिता तुलसीराम ने रिपोर्ट दी कि सुबह वह हमेशा की तरह काम पर चला गया, उसकी बेटी गरिमा का फोन आया कि भाभी दरवाजा नहीं खोल रही है, इस पर वह तुरन्त नाई थाने पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के साथ घर आया तो दरवाजा अंदर से बंद था और पुलिस ने ही दरवाजे को तोड़ा तो वह घर में लटकी थी। घर में किसी तरह की कोई प्रताड़ना जैसी बात नहीं थी । वर्तमान में थाना के तत्कालीन प्रभारी ने मां की रिपोर्ट पर भादसं की धारा 304 में मामला दर्ज किया और शव का शुक्रवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जायेगा ।
Next Story