Medical Services
जयपुर (कार्यालय संवाददाता) : मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को अमर जवान ज्योति से 167 नए एम्बुलेंस (बेसिक लाइफ सपोर्ट 108) वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन सभी एम्बुलेंस को विभिन्न जिलों में आधारभूत चिकित्सा सेवाओं को और मजबूत करने के लिए बेड़े में शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने एम्बुलेंस निरीक्षण मोबाइल एप्लीकेशन का भी विमोचन किया, जिसके माध्यम से इन एम्बुलेंस वाहनों के मूवमेंट का प्रभावी निरीक्षण किया जा सकेगा।
अशोक गहलोत ने इस अवसर पर एम्बुलेंस वाहन चालकों को एम्बुलेंस की चाबी और मेडिकल किट भी सौंपे। उन्होंने कहा कि पूरे देश में जहां मात्र 41 प्रतिशत आबादी के पास स्वास्थ्य बीमा है, वहीं राजस्थान में आज 90 प्रतिशत लोगों को मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत कवर किया गया है। उन्होंने कहा कि चिरंजीवी योजना के बारे में अधिक से अधिक जागरूकता फैलाई जानी चाहिए, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति इसके लाभों से वंचित नहीं रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कोरोना महामारी के दौरान शानदार प्रबंधन हुआ। यहां के भीलवाड़ा मॉडल की पूरे विश्व में सराहना की गई। राज्य का स्वास्थ्य ढांचा किसी भी प्रकार चुनौती से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी योजनाओं का शानदार क्रियान्वयन किया जा रहा है, जिससे आज राजस्थान स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश का सिरमौर राज्य बन चुका है।

Editorial

Editorial

Next Story