Jan Aakrosh Yatra

जयपुर ( कार्यालय संवाददाता) : राजस्थान भाजपा ने गुरुवार को अपना ही फैसला पलटते हुए ऐलान किया है कि अब यह यात्रा जारी रहेगी । दरअसल भाजपा ने बढ़ते कोविड मामलों को देखते हुए गुरूवार शाम 3 बजे ही राजस्थान में जारी जन आक्रोश यात्रा को रद्द करने का ऐलान किया था। लेकिन शाम होते ही फैसला वापस ले लिया । राजस्थान भाजपा ने ट्विटर पर लिखा, जब तक केंद्र और राज्य द्वारा कोई एडवाइजरी जारी नहीं होती है तब तक की जन आक्रोश सभाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगी। लेकिन कोरोना की सामान्य सावधानी का पालन अवश्य किया जाना चाहिए।
बता दें कि इससे पहले भारतीय जनता पार्टी ने राजस्थान में अपनी जन आक्रोश यात्रा को कोरोना वायरस संक्रमण के मद्देनजर फिलहाल स्थगित कर दिया था। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां ने ट्वीट किया था, राजस्थान में कांग्रेस के कुशासन, जंगलराज और भ्रष्टाचार के विरूद्ध भारतीय जनता पार्टी की राजस्थान इकाई की 'जनाक्रोश यात्रा' को अपार जन समर्थन मिल रहा था, लेकिन कोविड की सामान्य सावधानी एवं निर्देशों को देखते हुए जनहित में आगामी समय तक स्थगित किया गया है। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने राजस्थान सरकार के चार साल पूरे होने पर जन आक्रोश यात्रा की शुरूआत की थी। इसकी औपचारिक शुरूआत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक दिसंबर को जयपुर में की। पार्टी ने इस यात्रा के तहत 75,000 किमी की दूरी तय करने तथा दो करोड़ लोगों से संपर्क करने का लक्ष्य रखा था ।
Editorial

Editorial

Next Story