देश के युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में केंद्र सरकार की ऐतिहासिक पहल ‘मेरा युवा भारत’ (MY BHARAT) अब एक बड़े जनआंदोलन का रूप ले चुकी है। महज़ दो साल से भी कम समय में यह प्लेटफॉर्म 2 करोड़ से अधिक युवाओं और 1.20 लाख से ज्यादा साझेदार संगठनों को जोड़ते हुए देश का सबसे बड़ा डिजिटल नेटवर्क बन गया है।

सरकार के मुताबिक, ‘माई भारत पोर्टल’ युवाओं के लिए एक ऐसा सेंट्रल डिजिटल गेटवे है, जहां वे पंजीकरण से लेकर सेवा कार्य, नेतृत्व और कौशल विकास के अवसरों तक सीधी पहुंच पा सकते हैं। यह प्लेटफॉर्म न सिर्फ युवाओं को अवसरों से जोड़ता है बल्कि रीयल-टाइम इम्पैक्ट डैशबोर्ड के ज़रिए उनके काम का असर भी दिखाता है। फिलहाल इस पोर्टल पर 14.5 लाख से अधिक स्वयंसेवा अवसर, 16,000 युवा क्लब और 60,000 से ज्यादा संस्थागत साझेदार सक्रिय हैं जिनमें सरकारी निकाय, शैक्षणिक संस्थान और गैर-सरकारी संगठन शामिल हैं।

युवाओं की पहुंच और सहभागिता को आसान बनाने के लिए केंद्र सरकार ने हाल ही में ‘माई भारत’ मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया है। यह ऐप युवाओं को मोबाइल-फर्स्ट अनुभव प्रदान करता है, जिससे वे अपने नज़दीकी सेवा कार्यक्रमों, ट्रेनिंग और स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स में तुरंत भाग ले सकते हैं।

सरकार ने इस पहल को और सशक्त करने के लिए कई रणनीतिक साझेदारियाँ भी की हैं। 30 जून 2025 को युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय तथा डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन के बीच हुए समझौते के बाद 'MY BHARAT 2.0’ के विकास की दिशा तय हुई है। इस नए संस्करण को नेक्स्ट-जेनरेशन एआई-पावर्ड प्लेटफॉर्म के रूप में तैयार किया जा रहा है, जिसमें वॉइस-असिस्ट नेविगेशन, मेंटॉरशिप नेटवर्क, स्मार्ट टीचर बिल्डर, और एक्सपीरिएंशियल लर्निंग मॉड्यूल्स जैसे फीचर्स होंगे।

इसके अलावा, 13 अगस्त 2025 को सरकार ने स्कूल ऑफ अल्टिमेट लीडरशिप फाउंडेशन (SOUL) के साथ साझेदारी की है, जिसके तहत आने वाले तीन वर्षों में देशभर में 1 लाख यूथ लीडर्स को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है।

सरकार का विज़न है कि आने वाले समय में ‘माई भारत 2.0’ को करियर काउंसलिंग, एआई-आधारित स्किल मैपिंग, उद्यमिता सहायता और डिजिटल सर्टिफिकेशन जैसी सुविधाओं से लैस किया जाए, ताकि यह केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरे ग्लोबल साउथ का सबसे बड़ा युवा नेटवर्क बन सके। युवाओं को अवसर, नेतृत्व और उद्देश्य से जोड़ने वाला ‘माई भारत’ अब सिर्फ एक सरकारी प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि नए भारत की ऊर्जा और उम्मीद का प्रतीक बन गया है।

Ashiti Joil

Ashiti Joil

यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।

Next Story