जयपुर, मई 2026: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास के बीएस डिग्री प्रोग्राम ने शैक्षणिक सत्र-2026 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई 2026 निर्धारित की गई है। आईआईटी की उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को अधिक से अधिक और विभिन्न पृष्ठभूमियों के विद्यार्थियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से तैयार किए गए इस प्रोग्राम में कक्षा 12 उत्तीर्ण सभी उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इसमें आयु सीमा भी निर्धारित नहीं की गई है।

संस्थान की ओर से बीएस इन डेटा साइंस एंड एप्लिकेशंस, बीएस इन इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम्स, बीएस इन मैनेजमेंट एंड डेटा साइंस तथा बीएस इन एरोनॉटिक्स एंड स्पेस टेक्नोलॉजी सहित चार अलग-अलग प्रोग्राम उपलब्ध कराए गए हैं। इनकी संरचना इस प्रकार तैयार की गई है कि विद्यार्थी इन्हें स्वतंत्र डिग्री के रूप में या किसी नियमित कॉलेज डिग्री के साथ समानांतर रूप से भी कर सकें।

इन प्रोग्राम्स की पढ़ाई मुख्य रूप से ऑनलाइन माध्यम से कराई जाती है, जबकि शैक्षणिक गुणवत्ता बनाए रखने और विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे भारत में मौजूद परीक्षा केंद्रों पर ऑफलाइन परीक्षाएं आयोजित होती हैं। विद्यार्थियों को अपनी गति से पढ़ाई करने की सुविधा दी गई है। साथ ही सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और डिग्री समेत कई एग्जिट ऑप्शन भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि विद्यार्थी अपने शिक्षा और करियर लक्ष्यों के अनुसार इसका लाभ उठा सकें।

आवेदन के इच्छुक विद्यार्थी और अभिभावक अधिक जानकारी के लिए आईआईटी मद्रास बीएस प्रोग्राम पोर्टल

पर विजिट कर सकते हैं। संस्थान ने स्पष्ट किया है कि आवेदन की अंतिम तिथि 31 मई 2026 नजदीक होने के कारण इच्छुक उम्मीदवार जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।

इन प्रोग्राम्स को लेकर आईआईटी मद्रास के डीन (अकादमिक कोर्स) प्रो. प्रताप हरिदोस ने कहा कि बीएस डिग्री प्रोग्राम विद्यार्थियों को शिक्षा की गुणवत्ता कायम रखते हुए अपनी सुविधा के अनुसार पढ़ाई करने का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि डेटा, प्रौद्योगिकी और अंतःविषयी सोच का मजबूत आधार आज के समय की जरूरत बन चुका है, चाहे विद्यार्थी किसी भी मुख्य डिग्री की पढ़ाई कर रहे हों। उनके अनुसार इस प्रोग्राम के माध्यम से विद्यार्थी अन्य शैक्षणिक या प्रोफेशनल कोर्स के साथ-साथ आईआईटी मद्रास की उच्च स्तरीय शिक्षा प्राप्त कर बेहतर करियर अवसर हासिल कर सकते हैं।

आईआईटी मद्रास ने स्पष्ट किया कि बदलते रोजगार परिदृश्य और उद्योगों की बढ़ती अपेक्षाओं को देखते हुए यह शिक्षा मॉडल तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में भविष्य के लिए जरूरी कौशल विकसित करना है। यह मॉडल भौगोलिक सीमाओं, पारंपरिक प्रवेश प्रक्रियाओं और कठोर शिक्षण संरचनाओं जैसी बाधाओं को कम करता है।

संस्थान के अनुसार बीएस डिग्री प्रोग्राम में प्रवेश के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) उत्तीर्ण करना अनिवार्य नहीं है। विद्यार्थी क्वालिफायर प्रक्रिया के माध्यम से प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं। इससे आईआईटी मद्रास की शिक्षा देशभर के अधिक विद्यार्थियों के लिए सुलभ हो गई है।

इन प्रोग्राम्स की सबसे बड़ी विशेषता अन्य अंडरग्रेजुएट कोर्सेस के साथ इनका तालमेल है। बीकॉम, बीएससी, बीबीए और इंजीनियरिंग डिग्री के विद्यार्थी अपने नियमित कोर्स के साथ-साथ आईआईटी मद्रास के बीएस प्रोग्राम में भी नामांकन कर सकते हैं। इससे विद्यार्थियों को विश्लेषण, प्रौद्योगिकी और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करने में मदद मिलती है।

संस्थान ने कहा कि आज के रोजगार बाजार में डुअल-डिग्री का यह लचीलापन बेहद महत्वपूर्ण हो गया है, क्योंकि कंपनियां ऐसे ग्रेजुएट्स की तलाश कर रही हैं जो क्षेत्रीय विशेषज्ञता को डेटा आधारित विशेषज्ञता के साथ जोड़ सकें। साथ ही विभिन्न विषयों को परस्पर जोड़कर समस्या समाधान करने की क्षमता भी विकसित कर सकें।

आईआईटी मद्रास के बीएस डिग्री प्रोग्राम्स में वर्तमान में पूरे भारत से लाखों विद्यार्थी नामांकित हैं। संस्थान आर्थिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के योग्य विद्यार्थियों को 75 प्रतिशत तक शुल्क सहायता भी प्रदान कर रहा है, ताकि आर्थिक अभाव किसी की शिक्षा में बाधा न बने।

इन प्रोग्राम्स का करिकुलम उद्योग और शिक्षा जगत के विशेषज्ञों के परामर्श से तैयार किया गया है। इसमें व्यावहारिक शिक्षा, वास्तविक जीवन के उपयोग और नवोदित प्रौद्योगिकियों पर विशेष जोर दिया गया है। विद्यार्थियों को डेटा विश्लेषण, व्यावसायिक निर्णय, इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम और एयरोस्पेस प्रौद्योगिकी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों का अनुभव दिया जाएगा, जिससे वे उभरते करियर अवसरों के लिए तैयार हो सकें।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story