बिहार के सरकारी स्कूलों में शुरू होगी ‘संकल्प संध्या’, 9वीं से 12वीं तक मुफ्त कक्षाएं
शिक्षा विभाग 17 नवंबर से जिला मुख्यालयों में चलाएगा सांध्यकालीन कक्षाएं, गणित, विज्ञान और AI पर रहेगा विशेष फोकस।

बिहार के सरकारी स्कूलों में 17 नवंबर से कमजोर छात्रों के लिए संकल्प संध्या कक्षाएं शुरू होंगी।
बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कमजोर और आर्थिक रूप से कमजोर छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक स्थिति सुधारने के लिए शिक्षा विभाग ने नई पहल की है। इसके तहत राज्य के सभी 38 जिला मुख्यालयों में 17 नवंबर से ‘संकल्प संध्या’ के नाम से निःशुल्क सांध्यकालीन कक्षाएं शुरू की जाएंगी। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की पहल पर शुरू होने वाली इस व्यवस्था में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग दिया जाएगा। इन कक्षाओं में न केवल विद्यार्थियों का होमवर्क पूरा कराया जाएगा, बल्कि आगामी परीक्षाओं की तैयारी पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सीके अनिल के अनुसार, ‘संकल्प संध्या’ का संचालन 17 नवंबर से अगले वर्ष 31 मार्च तक किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक जिला मुख्यालय में कम से कम एक और अधिकतम तीन सरकारी विद्यालयों का चयन होगा। चयनित विद्यालयों में प्रतिदिन शाम 5 बजे से 7:30 बजे तक कक्षाएं संचालित की जाएंगी। इस विशेष शैक्षणिक व्यवस्था का लाभ विद्यार्थियों को पूरी तरह निःशुल्क मिलेगा।
सांध्यकालीन कक्षाओं में अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, कंप्यूटर साइंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की पढ़ाई पर विशेष जोर रहेगा। विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप इन विषयों में उनकी कमजोरियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए संबंधित सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध स्मार्ट बोर्ड और अन्य डिजिटल संसाधनों का भी उपयोग किया जाएगा।
अपर मुख्य सचिव सीके अनिल ने बताया कि विभाग का उद्देश्य अतिरिक्त कक्षाओं के माध्यम से विद्यार्थियों की बुनियादी समझ विकसित करना और उन्हें परीक्षाओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार करना है। विषयों की पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों की शैक्षणिक जरूरतों पर ध्यान देकर उनकी कमजोरियों को दूर करने की व्यवस्था की जाएगी।
इस पहल में सरकारी शिक्षकों के साथ सेवानिवृत्त अधिकारियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है। 70 वर्ष से कम आयु के इच्छुक सेवानिवृत्त आईएएस, बीएएस, बीईएस और अन्य सरकारी सेवाओं के अधिकारी स्वैच्छिक आधार पर विद्यार्थियों को पढ़ा सकेंगे। इसके लिए उन्हें संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारी से अस्थायी अनुमति प्राप्त करनी होगी। इच्छुक अधिकारी विद्यांजलि ऐप के माध्यम से भी अपना पंजीकरण करा सकेंगे। इस शैक्षणिक कार्य के बदले किसी तरह का मानदेय नहीं दिया जाएगा।
‘संकल्प संध्या’ का संचालन संबंधित जिला शिक्षा पदाधिकारी की निगरानी में होगा, जबकि जिला पदाधिकारी उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन देंगे। योजना के तहत सांध्यकालीन कक्षाओं के संचालन के लिए विद्यालयों के चयन की सूची सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को दो दिनों के भीतर शिक्षा विभाग को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने इस पहल को सीमित संसाधनों में बेहतर शैक्षणिक परिणाम हासिल करने की दिशा में प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने के साथ जनभागीदारी के माध्यम से विद्यार्थियों की पढ़ाई को मजबूत बनाना है। शिक्षा विभाग को उम्मीद है कि ‘संकल्प संध्या’ कमजोर विद्यार्थियों को अतिरिक्त शैक्षणिक सहयोग देने और उनकी पढ़ाई में सुधार लाने का प्रभावी माध्यम बनेगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
