डूंगरपुर जिले के आसपुर कस्बे में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने ग्राम विकास अधिकारी के सूने मकान को निशाना बनाकर 10 तोला चांदी के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आसपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोर्ट परिसर के समीप स्थित यह मकान ग्राम विकास अधिकारी विकास जैन का बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार विकास जैन किसी कार्यवश उदयपुर गए हुए थे, जबकि उनकी माता पास ही उनके भाई के घर पर ठहरी हुई थीं। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान की रेकी कर वारदात को अंजाम दिया।

शाम के समय जब विकास जैन की मां घर पहुंचीं तो उन्होंने देखा कि मकान की खिड़की की जाली उखड़ी हुई थी। संदेह होने पर जब उन्होंने ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया, तो घर का नजारा देखकर वह सन्न रह गईं। कमरे में सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी से 10 तोला चांदी के आभूषण गायब थे। चोरी की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ और संभावित सुरागों के आधार पर जांच तेज कर दी गई है।

दिनदहाड़े या रिहायशी इलाकों में इस तरह की घटनाएं सामने आना स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story