डूंगरपुर। जैन धर्म की आस्था, परंपरा और भक्ति भाव का अनुपम संगम एक बार फिर डूंगरपुर की पावन धरती पर साकार होने जा रहा है। श्री जैन श्वेताम्बर वीशा पोरवाड़ संघ के तत्वावधान में तीन दिवसीय पौष दशमी महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार, 13 दिसम्बर से घाटी स्थित श्री गंभीरा पाश्र्वनाथ मंदिर परिसर में भव्य एवं धार्मिक वातावरण के बीच होगा। यह त्रिदिवसीय आयोजन प्रभु श्री पाश्र्वनाथ के जन्म कल्याणक के पावन उपलक्ष्य में श्रद्धालुओं की सहभागिता से संपन्न कराया जाएगा।

संघ के सचिव मोहित मेहता ने जानकारी देते हुए बताया कि महोत्सव के प्रथम दिन अखंड दीपक स्थापना का विशेष आयोजन किया जाएगा। इसके तहत प्रातः 8 बजे फौज का बड़ला से भव्य रूप से प्रस्थान कर श्री गंभीरा पाश्र्वनाथ जिनालय पहुंचेगा। इस पुण्य कार्य के लाभार्थी मेहता सज्जन देवी–चिमनलाल परिवार रहेंगे। अखंड दीपक स्थापना के साथ ही पूरे मंदिर परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति का वातावरण स्थापित होगा।

महोत्सव के दूसरे दिन, 14 दिसम्बर को प्रातः 7.30 बजे से श्री गंभीरा पाश्र्वनाथ जिनालय में प्रक्षाल, केसर पूजा, पुष्प पूजा, आरती एवं मंगल दीपक के विधिवत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन धार्मिक अनुष्ठानों का लाभ मेहता मोहित एवं सुरजमल परिवार द्वारा लिया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजजन और श्रद्धालु उपस्थित रहेंगे।

महोत्सव का समापन दिवस 15 दिसम्बर को विशेष धार्मिक आयोजनों के साथ होगा। इस दिन प्रातः 9 बजे भगवान श्री पाश्र्वनाथ का भव्य वरघोड़ा घाटी मंदिर से प्रारंभ होकर पुराना अस्पताल तिराहे होते हुए पुनः मंदिर परिसर में लौटेगा। मार्ग में श्रद्धालु भगवान को पोखने का चढ़ावा बोलकर अपनी श्रद्धा अर्पित करेंगे। इसके पश्चात स्नात्र पूजा, शांति कलश, आरती एवं मंगल दीपक का आयोजन किया जाएगा, जिसका लाभ डॉ. कल्पेश–भोगीलाल जगावत परिवार द्वारा लिया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में घाटी मंदिर के नोहरे में समाज स्तर पर स्वामिवात्सल्य का आयोजन होगा, जिसमें सभी समाजबंधुओं के लिए सामूहिक भोज की व्यवस्था की जाएगी।

तीन दिवसीय पौष दशमी महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह आयोजन सामाजिक एकता, परंपराओं के संरक्षण और सामूहिक सहभागिता का भी सशक्त संदेश देता है। इस पावन अवसर पर डूंगरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, जिससे संपूर्ण क्षेत्र धर्ममय वातावरण से सराबोर रहेगा।

Sudhir jain (Dungarpur)

Sudhir jain (Dungarpur)

नाम: सुधीर जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: डूंगरपुर जिला (राजस्थान)

अनुभव: 40 वर्ष

बीट और विशेषज्ञता (Beats & Coverage)

  • स्थानीय समाचार: डूंगरपुर जिले और संबंधित तहसीलों की सभी प्रकार की स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
  • राजनीति एवं धर्म: स्थानीय व जिला स्तरीय राजनीतिक घटनाक्रम, चुनाव, प्रशासनिक नीतियां और धार्मिक आयोजनों व सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर विशेष रिपोर्टिंग।
  • क्राइम एवं प्रशासन: कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई, अदालती मामले और सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली की खबरें।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सा शिविर और जनस्वास्थ्य से जुड़े समाचार।
  • बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां, लघु उद्योग और आर्थिक विकास से जुड़े विषय।


शैक्षणिक योग्यता (Education)

विज्ञान स्नातक - गणित (B.Sc. Mathematics)

Next Story