डूंगरपुर। धार्मिक आस्था और सामाजिक चेतना का संगम, श्री जैन श्वेताम्बर वीशा पोरवाड़ संघ एवं हुम्मड़ संघ द्वारा आयोजित भगवान पाश्र्वनाथ के जन्म कल्याणक महोत्सव का भव्य शुभारंभ शनिवार को घाटी स्थित श्री गंभीरा पाश्र्वनाथ मंदिर में हुआ। लाभार्थी परिवार मेहता सज्जन देवी चिमनलाल परिवार ने दीप प्रज्ज्वलन कर तीन दिवसीय महोत्सव की शुरुआत की।

इस अवसर पर वीशा हुम्मड़ संघ के तत्वावधान में साध्वीश्री दक्षयशा श्रीजी के सानिध्य में नेमिनाथ मंदिर के पुण्य प्रवचन हॉल में 108 पाश्र्वनाथ पूजन का आयोजन किया गया। इससे पूर्व, वीशा पोरवाड़ संघ के सदस्य फौज का बड़ला स्थित उपाश्रय से गाजे-बाजे के साथ मंदिर स्थल पहुंचे और भगवान पाश्र्वनाथ के जयकारों के बीच अखण्ड दीपक प्रज्ज्वलित किया गया।

दीप प्रज्ज्वलन के बाद धर्मप्रेमियों ने गर्भगृह में विराजित मूलनायक भगवान पाश्र्वनाथ का विधिपूर्वक दुग्धाभिषेक, जलाभिषेक, केसर पूजा एवं फूल पूजा का आयोजन किया। इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और आस्था का अनुपम दृश्य उपस्थित जनसमूह के बीच देखने को मिला।

महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को भगवान पाश्र्वनाथ का प्रात: वरघोड़ा घाटी स्थित मंदिर से शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुराना अस्तपाल तक जाएगा। इसके उपरांत पुनः मंदिर स्थल पर भगवान की पालकी की आगवानी की जाएगी और स्नात्र पूजा का आयोजन किया जाएगा।

साध्वीश्री ने इस अवसर पर कहा कि सृष्टि में जब तीर्थंकरों का जन्म होता है, तो पूरी सृष्टि आनंद और श्रद्धा के साथ विभोर हो उठती है। उन्होंने बताया कि तीर्थंकरों के जीवन और कर्म हमें मानव जीवन की सार्थकता और आचार-व्यवहार का संदेश देते हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा कि मनुष्य भव की महत्ता तभी सिद्ध होती है जब हम अपने कर्मों के माध्यम से जीवन को सार्थक बनाएं।

इस महोत्सव में दोनो संघों के प्रतिनिधि, महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे, जिन्होंने धार्मिक विधियों में भाग लेकर महोत्सव की गरिमा और आस्था को और बढ़ाया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story