जेठाना गांव में डूंगरपुर–बांसवाड़ा नेशनल हाईवे के किनारे स्थित चारागाह भूमि पर अवैध निर्माण का मामला सामने आते ही प्रशासन हरकत में आ गया। खसरा नंबर 1883 की चारागाह भूमि पर अशोक पिता धुला पाटीदार द्वारा परकोटा बनाकर अवैध रूप से अतिक्रमण किया जा रहा था। यह निर्माण कार्य लंबे समय से जारी था, जबकि पटवारी पूनम सेवक द्वारा कई बार मौके पर पहुंचकर निर्माण रोकने और अतिक्रमण हटाने की स्पष्ट चेतावनी दी जा चुकी थी। इसके बावजूद संबंधित व्यक्ति ने नियमों की अनदेखी करते हुए निर्माण कार्य जारी रखा।

मामले की सूचना मिलते ही तहसीलदार डॉ. रमेशचंद्र वडेरा ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासनिक टीम की मौजूदगी में चारागाह भूमि पर चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवाया गया। साथ ही अवैध निर्माण में प्रयुक्त औजारों को जब्त कर लिया गया, जिससे अतिक्रमणकर्ता की गतिविधियों पर तुरंत विराम लग सका।

कार्रवाई के दौरान कार्यालय लिपिक मंयक चतुर्वेदी एवं होमगार्ड राकेश डामोर भी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन ने संबंधित लोगों को सख्त शब्दों में पाबंद किया कि भविष्य में चारागाह या किसी भी सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का प्रयास न किया जाए।

तहसीलदार डॉ. वडेरा ने स्पष्ट किया कि चारागाह एवं सरकारी भूमि सार्वजनिक संपत्ति है और इस पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण कानूनन अपराध है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई को प्रशासन की सजगता और सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है, जिससे क्षेत्र में अवैध कब्जों पर प्रभावी संदेश गया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story