सोनिया चौक में चोरी: सूने मकान से 40 लाख के जेवरात और नगदी पार
अज्ञात बदमाशों ने जयराज श्रीमाल के घर से 15-17 तोला सोना, साढ़े तीन किलो चांदी और नगदी चोरी की; कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सोनिया चौक स्थित जयराज श्रीमाल के मकान में चोरी के बाद कमरे में बिखरा हुआ सामान और खुली अलमारी, जहाँ से अज्ञात चोरों ने लाखों के आभूषण चुराए।
शहर के बीचों-बीच स्थित सोनिया चौक में एक रिहायशी मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाशों ने लाखों रुपए के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय गृहस्वामी कुछ ही दूरी पर अपनी दुकान पर कार्यरत था और देर शाम जब वह घर लौटा तो भीतर का मंजर देख दंग रह गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जयराज श्रीमाल पुत्र कन्हैया लाल श्रीमाल, जो सोनिया चौक में अपने घर से कुछ दूरी पर किराणा की दुकान चलाता है, घटना के समय घर पर अकेला था। उसकी पत्नी पिछले दो माह से पुत्री की प्रसूति के कारण उसके पास गई हुई थी। घर में ही किराणा का अधिकांश सामान रखा होने के कारण वह मुख्य दरवाजे पर केवल कुंडा लगाता था, जबकि अंदर के दरवाजे पर ताला लगा रहता था।
दोपहर में जब जयराज श्रीमाल घर गया तो खिड़की खुली हुई मिली और बाहर पड़े पैंट में रखी नगदी गायब थी। अंदर के दरवाजे पर ताला यथावत लगा होने के कारण उसने उस समय विशेष ध्यान नहीं दिया। लेकिन शाम को दुकान बंद कर जब वह घर लौटा और भीतर का दरवाजा खोला, तो सारा सामान बिखरा हुआ मिला। अलमारी में रखे लगभग 2.70 लाख रुपए, पैंट में रखे 28 हजार से अधिक रुपए, करीब साढ़े तीन किलो चांदी के आभूषण तथा 15-17 तोला सोने के आभूषण गायब थे।
इतना बड़ा नुकसान देखकर फरियादी घबरा गया और तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली। आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और समाजजन भी मौके पर एकत्रित हो गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वारदात को अंजाम देने वाले को यह जानकारी थी कि पीड़ित घर पर अकेला रहता है और दिनभर दुकान पर रहता है। साथ ही, अंदर के दरवाजे की चाबी भी दरवाजे के पास एक खांचे में छोड़कर जाने की जानकारी होने के कारण चोरों ने अंदर प्रवेश कर अलमारी और अन्य स्थानों से चोरी की और बाद में दरवाजे पर पुनः ताला लगा दिया।
पुलिस ने प्रार्थी की लिखित रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर के बीचों-बीच हुई इस बड़ी चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां करीब चालीस लाख रुपए के नगदी और आभूषण चोरी हो गए।

Sudhir jain (Dungarpur)
नाम: सुधीर जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: डूंगरपुर जिला (राजस्थान)
अनुभव: 40 वर्ष
बीट और विशेषज्ञता (Beats & Coverage)
- स्थानीय समाचार: डूंगरपुर जिले और संबंधित तहसीलों की सभी प्रकार की स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- राजनीति एवं धर्म: स्थानीय व जिला स्तरीय राजनीतिक घटनाक्रम, चुनाव, प्रशासनिक नीतियां और धार्मिक आयोजनों व सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर विशेष रिपोर्टिंग।
- क्राइम एवं प्रशासन: कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई, अदालती मामले और सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली की खबरें।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सा शिविर और जनस्वास्थ्य से जुड़े समाचार।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां, लघु उद्योग और आर्थिक विकास से जुड़े विषय।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
विज्ञान स्नातक - गणित (B.Sc. Mathematics)
