भबराना के शांतिनाथ जैन देरासर में पंचान्हिका प्रतिष्ठा महोत्सव शुरू
आचार्य मृदुरत्न सागर सुरीश्वर के सानिध्य में पांच दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ हुआ, जिसमें जल यात्रा और कुंभ स्थापना जैसी धार्मिक विधियां संपन्न की गईं।

भबराना नगर में श्री शांतिनाथ जैन देरासर के प्रतिष्ठा महोत्सव हेतु फूलों और रंगीन शामियाने से सजाया गया मंदिर परिसर।
वागड़ और मेवाड़ की सीमा पर स्थित श्री जैन श्वेताम्बर मूर्ति पूजक संघ, भबराना नगर में श्री शांतिनाथ जैन देरासर का पांच दिवसीय पंचान्हिका प्रतिष्ठा महोत्सव रविवार से प्रारंभ हो गया। यह आयोजन आचार्य श्री मृदुरत्न सागर सुरीश्वर जी महाराज के सानिध्य में भव्य धार्मिक वातावरण के बीच शुरू हुआ।
श्री शांतिनाथ जैन श्वेताम्बर मूर्ति पूजक संघ भबराना के अध्यक्ष दिनेश जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि रविवार को आचार्य श्री एवं साधु-साध्वी संघ के मंगल प्रवेश के साथ नवकारसी का आयोजन हुआ। इसके पश्चात प्रातः 8 बजे जल यात्रा, क्षेत्रपाल पूजन, भैरव पूजन, कुंभ स्थापना, दीपक स्थापना एवं ज्वारा रोपण की विधियां संपन्न हुईं। इसके बाद सकल संघ का सामिवात्सल्य तथा दोपहर 2 बजे पंचकल्याणक पूजा का आयोजन हुआ, जबकि रात्रि में भक्ति कार्यक्रम संपन्न हुआ। संपूर्ण दिवस की साधर्मिक भक्ति का लाभ तारादेवी सुभाषचंद्र शाह परिवार, हस्तिनापुर नगरी के लाभार्थी विजयालक्ष्मी कन्हैयालाल शाह परिवार तथा भोजन खंड के लाभार्थी स्व. संतोषदेवी मणिलाल परिवार द्वारा लिया गया।
11 मई को प्रातः नंदावर्त पूजन, नवग्रह पूजन, दशदिक्पाल पूजन एवं अष्टमंगल पूजन का आयोजन किया जाएगा। इस दिन संपूर्ण साधर्मिक भक्ति का लाभ बसंतीदेवी छोटालाल शाह परिवार द्वारा प्राप्त किया जाएगा।
12 मई को प्रातः परमात्मा के 18 अभिषेक संपन्न होंगे, जिसमें देवी-देवताओं के साथ कलश, ध्वज, घंट तथा वागड़ उद्धारक पुण्यविमल गुरुदेव के अभिषेक भी होंगे। दोपहर में देवी पूजन एवं हवन होगा। इसके साथ वागड़ की समस्त महिलाएं एवं महिला मंडलों के सानिध्य में संगीतकार सीमा दफ्तरी के मधुर स्वर के साथ मेहंदी रस्म एवं समूह सांझी का आयोजन होगा। रात्रि में संगीतकार वैभव बागमार के सानिध्य में भक्ति संध्या होगी।
13 मई को परमात्मा की भव्य रथ यात्रा (वरघोड़ा) निकाली जाएगी, जो गांव के विभिन्न मार्गों से होकर पुनः मंडप स्थल पहुंचेगी। शाम को प्रसाद अभिषेक का आयोजन होगा।
14 मई को प्रातः 8:30 बजे से प्रतिष्ठा विधि प्रारंभ होगी तथा दोपहर में श्री शांतिस्नात्र महापूजन संपन्न होगा। 15 मई को प्रातः 8 बजे गाजे-बाजे के साथ जिनालय के द्वार उद्घाटन का कार्यक्रम जयकारों के बीच आयोजित किया जाएगा तथा प्रातः 9 बजे सत्तरभेदी पूजन एवं नगरवासियों का नगरीय भोजन स्व. रतनलाल कुरीदेवी परिवार के सानिध्य में संपन्न होगा।
महोत्सव के दौरान प्रतिदिन कुमारपाल राज की सवारी, श्री पार्श्व नाकोडा भैरव भक्ति एवं रोशनी की भव्य सजावट से संपूर्ण नगर जगमग रहेगा। प्रतिष्ठा महोत्सव में विधिकारक के रूप में मनीष भाई मेहता की भूमिका रहेगी। आयोजन की तैयारियों को श्री संघ, नवयुवक मंडल एवं महिला मंडल द्वारा अंतिम रूप दिया जा रहा है। यह महोत्सव धार्मिक आस्था, परंपरा और सामाजिक एकता का महत्वपूर्ण संगम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
