डूंगरपुर में कुदरत का कहर: हाड़ कंपाने वाली शीत लहर ने थामी रफ्तार, घरों में कैद हुए लोग
डूंगरपुर में अचानक बदले मौसम के मिजाज और भीषण शीत लहर ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। शुक्रवार शाम से जारी बर्फीली हवाओं ने तापमान में भारी गिरावट ला दी है, जिससे लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। गैप सागर में उठती लहरों से लेकर बाजारों में छाई वीरानी और गर्म कपड़ों की बढ़ती मांग तक, जानें डूंगरपुर की सर्दी का पूरा हाल।

डूंगरपुर। वागड़ अंचल के डूंगरपुर जिले में मौसम के मिजाज ने ऐसी करवट ली है कि पिछले दो दिनों से महसूस हो रही हल्की तपिश अचानक गायब हो गई और समूचा जनजीवन ठिठुरन की आगोश में समा गया है। शुक्रवार की शाम से शुरू हुआ बर्फीली हवाओं का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। इस अचानक आए मौसमी बदलाव ने न केवल लोगों की दिनचर्या को बुरी तरह प्रभावित किया है, बल्कि जिले को एक बार फिर भीषण सर्दी के घेरे में ले लिया है।
शुक्रवार की शाम जैसे ही सर्द हवाओं का दौर शुरू हुआ, तापमान का पारा तेजी से नीचे लुढ़क गया। आलम यह था कि रात होते-होते ठंडी हवाओं ने कहर बरपाना शुरू कर दिया, जिससे लोग अपने घरों में कैद होने को मजबूर हो गए। शनिवार सुबह आकाश में हल्के बादलों की आवाजाही के बीच तेज ठंडी हवाओं ने लोगों की कंपकपी छुड़ा दी। हालांकि दिन चढ़ने के साथ धूप तो खिली, लेकिन सर्द हवाओं के तीखे तेवरों ने धूप की तपिश को बेअसर कर दिया। राहत पाने के लिए जहां आमजन छतों और पार्कों में धूप का सहारा लेते दिखे, वहीं दूसरी ओर सड़क किनारे रोजी-रोटी की तलाश में आए दिहाड़ी मजदूरों के लिए अलाव ही एकमात्र सहारा बना रहा।
इस कड़ाके की ठंड का असर शहर के ऐतिहासिक गैप सागर जलाशय पर भी साफ तौर पर दिखाई दिया, जहां तेज हवाओं के चलते पानी में उठती ऊंची लहरें मौसम की उग्रता को बयां कर रही थीं। शाम ढलते ही शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा। काम की तलाश में आए मजदूर जल्दी अपने आशियानों की ओर लौट गए, जिसके कारण बाजारों की रौनक भी समय से पहले ही फीकी पड़ गई और दुकानें जल्द बंद हो गईं।
एक ओर जहां शीत लहर का प्रकोप जारी है, वहीं दूसरी ओर घरों के भीतर गरम जायके और पकवानों का दौर शुरू हो गया है। चाय की थड़ियों पर भी लोगों की खासी भीड़ देखी जा रही है, जहां चाय की चुस्कियों के बीच सर्दी की चर्चा आम है। ठंड की इसी तीव्रता का परिणाम है कि गर्म कपड़ों के बाजारों में अचानक खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। लोग खुद को सुरक्षित रखने के लिए ऊनी और भारी परिधानों की खरीदारी में जुटे हैं। इस प्राकृतिक बदलाव ने स्पष्ट कर दिया है कि आने वाले कुछ दिन डूंगरपुर वासियों के लिए चुनौतियों भरे रहने वाले हैं।

Sudhir jain (Dungarpur)
नाम: सुधीर जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: डूंगरपुर जिला (राजस्थान)
अनुभव: 40 वर्ष
बीट और विशेषज्ञता (Beats & Coverage)
- स्थानीय समाचार: डूंगरपुर जिले और संबंधित तहसीलों की सभी प्रकार की स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- राजनीति एवं धर्म: स्थानीय व जिला स्तरीय राजनीतिक घटनाक्रम, चुनाव, प्रशासनिक नीतियां और धार्मिक आयोजनों व सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर विशेष रिपोर्टिंग।
- क्राइम एवं प्रशासन: कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई, अदालती मामले और सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली की खबरें।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सा शिविर और जनस्वास्थ्य से जुड़े समाचार।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां, लघु उद्योग और आर्थिक विकास से जुड़े विषय।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
विज्ञान स्नातक - गणित (B.Sc. Mathematics)
