बिछीवाड़ा: रतनपुर बॉर्डर पर 2.10 करोड़ की अवैध शराब जब्त, ड्राइवर गिरफ्तार
डूंगरपुर पुलिस ने पीवीसी पाउडर की आड़ में तस्करी की जा रही पंजाब निर्मित 1861 कार्टन शराब बरामद कर एक आरोपी को पकड़ा।

बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रतनपुर बॉर्डर पर कार्रवाई करते हुए ट्रेलर से अवैध शराब बरामद कर चालक को हिरासत में लिया।
बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर एक कंटेनर से 2 करोड़ 10 लाख रुपए की शराब जब्त की है। पीवीसी पाउडर की आड में पंजाब और चंडीगढ़ में बनी शराब की राजस्थान सीमा पार कर 800 किमी दूर गुजरात में तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने ट्रेलर के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी
बिछीवाड़ा थाने के सीआई कैलाश सोनी ने बताया कि मुखबिर के जरिए अवैध शराब तस्करी की सूचना मिली थी। जिस पर पुलिस ने राजस्थान-गुजरात के रतनपुर बॉर्डर पर नाकाबंदी की। इस पर कॉन्स्टेबल जोगेंद्र सिंह समेत पुलिस टीम ने उदयपुर की तरफ से आ रहे एक ट्रेलर की रुकवाया।
तलाशी और गिरफ्तारी
- ड्राइवर रघुनाथ गुर्जर (27) निवासी सीतारामपुरा थाना नरैना जिला जयपुर ने ट्रेलर में पीवीसी पाउडर भरा होना बताया।
- लेकिन मुखबिर की सूचना पुख्ता होने से पुलिस ने ट्रेलर से तिरपाल हटाकर तलाशी ली।
- ट्रेलर पंजाब ओर चंडीगढ़ निर्मित शराब के कार्टन भरे हुए मिले।
- शराब परिवहन के कोई कागजात नहीं मिलने पर पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया।
बरामदगी का विवरण
"ट्रेलर से शराब को उतार गिनती करवाई गई। जिसमें 1861 कार्टन अवैध शराब जब्त की है। जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ 10 लाख रुपए बताई जा रही है।"
पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। डूंगरपुर जिले में पहली बार शराब की इतनी बड़ी खेप पकड़ी है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
