डूंगरपुर | शहर के ऐतिहासिक लक्ष्मण मैदान में चल रहे जैन प्रीमियर लीग (जेपीएल) क्रिकेट टूर्नामेंट के सातवें दिन खेल प्रेमियों को रोमांच से भर देने वाले मुकाबले देखने को मिले। कड़े संघर्ष और शानदार प्रदर्शन के बाद दोसी हीरोज और साइबेरिया इलेवन ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली, जिससे टूर्नामेंट का उत्साह नए शिखर पर पहुंच गया है।

श्री जैन नवयुवक मण्डल के तत्वावधान में आयोजित जैन प्रीमियर लीग संस्करण-14 की टी20 प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला आज खेला जाएगा। मण्डल के महामंत्री सुनील जैन ने बताया कि इस प्रतिष्ठित फाइनल मैच में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सहकारिता एवं नागरिक उड्डयन विभाग, राजस्थान सरकार, गौतम दक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, जबकि पदम कुमार माणक लाल वोरा परिवार विशिष्ट अतिथि होंगे।

सेमीफाइनल मुकाबलों के दौरान भी आयोजन की भव्यता देखने को मिली। राजस्थान हाईकोर्ट के अधिवक्ता अनुज सहलोत, जगतवीर सिंह देवड़ा, विद्युत विभाग के सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर विनोद दोषी, एक्सईएन कमलेश्वर जैन सहित अन्य अतिथियों का श्री जैन नवयुवक मण्डल के अध्यक्ष शैलेश मेहता, महामंत्री सुनील जैन, श्रेणीक दावड़ा, पंकज नवकार और कोषाध्यक्ष अमोल जैन ने उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया।

पहले सेमीफाइनल में दोसी हीरोज ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 20 ओवर में 203 रन का विशाल लक्ष्य खड़ा किया। जैनिश जैन ने विस्फोटक 84 रन और जोनी जैन ने 44 रनों का योगदान दिया। यश राइडर्स की ओर से गौरव जैन ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए यश राइडर्स की टीम 145 रन पर सिमट गई। दोसी हीरोज की ओर से जैनिश और जोनी जैन ने दो-दो विकेट चटकाए। यह मुकाबला दोसी हीरोज ने 40 रनों से जीतकर अपने नाम किया, जबकि मैन ऑफ द मैच का खिताब जैनिश जैन को मिला।

दूसरे सेमीफाइनल में साइबेरिया इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 147 रन बनाए। युगल जैन ने 37 और धर्मेंद्र जैन ने 29 रनों की अहम पारी खेली। सूर्या सनराइज की ओर से निपुण सेठ ने चार विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की। जवाब में सूर्या सनराइज की टीम 95 रन पर ऑलआउट हो गई। साइबेरिया इलेवन की ओर से कीर्तिश सेठिया और अभिषेक जैन ने तीन-तीन विकेट लेकर टीम को 52 रनों से जीत दिलाई। इस मैच में धर्मेंद्र जैन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

पूरे टूर्नामेंट के सफल संचालन में अनुशासन समिति के सदस्य हेमंत बी जैन, सिद्धार्थ मेहता, अनिल दावड़ा सहित अनेक पदाधिकारियों, अम्पायरों, स्कोरर और आयोजन टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अब सभी की निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं, जहां दोसी हीरोज और साइबेरिया इलेवन के बीच खिताबी जंग डूंगरपुर के क्रिकेट इतिहास में एक यादगार अध्याय जोड़ने को तैयार है।

Sudhir jain (Dungarpur)

Sudhir jain (Dungarpur)

नाम: सुधीर जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: डूंगरपुर जिला (राजस्थान)

अनुभव: 40 वर्ष

बीट और विशेषज्ञता (Beats & Coverage)

  • स्थानीय समाचार: डूंगरपुर जिले और संबंधित तहसीलों की सभी प्रकार की स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
  • राजनीति एवं धर्म: स्थानीय व जिला स्तरीय राजनीतिक घटनाक्रम, चुनाव, प्रशासनिक नीतियां और धार्मिक आयोजनों व सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर विशेष रिपोर्टिंग।
  • क्राइम एवं प्रशासन: कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई, अदालती मामले और सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली की खबरें।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सा शिविर और जनस्वास्थ्य से जुड़े समाचार।
  • बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां, लघु उद्योग और आर्थिक विकास से जुड़े विषय।


शैक्षणिक योग्यता (Education)

विज्ञान स्नातक - गणित (B.Sc. Mathematics)

Next Story