डूंगरपुर: सीवरेज खुदाई से बढ़ी जन समस्या, महारावल स्कूल के पास मार्ग अवरुद्ध
शहर में बिना सूचना गहरी खुदाई से यातायात प्रभावित हुआ और स्कूली बच्चों सहित आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

डूंगरपुर के पुराने शहर में महारावल स्कूल के पास बिना पूर्व सूचना के की गई सीवरेज खुदाई के कारण अवरुद्ध हुआ मुख्य मार्ग।
डूंगरपुर। शहर में चल रहे सीवरेज का कार्य अब दिनोदिन जानलेवा बनता जा रहा है और कई क्षेत्रों में महिनों से खुदाई के बाद रिपेयरिंग के अभाव में जहां एक ओर धूल मिट्टी के कारण घरों की सूरत बिगाड़ दी है, साथ ही गड्डों के कारण आए दिन आम नागरिक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। लेकिन इस कार्य में लगी कार्यकारी एजेंसी निरंकुश होती जा रही है और अपनी मनमर्जी से सीवरेज के कार्य को करने में लगी हुई है।
सुपरमार्केट और स्कूल के पास बिना सूचना खुदाई
बुधवार को पुराने शहर के महारावल स्कूल के पास अचानक बिना किसी तैयारी के उन्होंने कोई दस फीट गहरा गड्ढा खोदना प्रारंभ कर दिया और दोनो तरफ प्रवेश वर्जित कर दिया। सुपरमार्केट में दिनभर बिना सूचना गहरी खुदाई ने यातायात की सूरत बिगाड़ दी।
- अचानक हुई इस कार्यवाही के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
- उसी दौरान स्कूली बच्चों की छुट्टी हुई, मार्ग अवरूद्ध हुए जिसकी जानकारी न तो अभिभावों के पास थी और न ही विद्यालय प्रशासन के पास थी।
- विद्यालय की बसों ने बच्चों को उत्तम सेवा मार्ग पर ही उतार दिया जिससे बच्चों में अफरा तफरी मच गई और अभिभावक भागे भागे वहां पहुंचे और अपने बच्चों को घर पर लेकर आए।
गैप सागर जलाशय पर मंडराता खतरा
इधर शहर का हृदय स्थल गैप सागर जलाशय जो की रियासत काल में राज परिवार द्वारा बनवाया गया था और तालाब की पाल उसी से लिंक करती है। "ऐसे में यदि आनन-फानन में की गई यह खुदाई किसी लीकेज को लिंक कर जाए और पानी के निकलने का मार्ग बना दे तो बड़ा हादसा हो सकता है।"
प्रशासनिक अनदेखी और जनता की दुविधा
बुधवार को बिना किसी सूचना के इतना बड़ा कार्य करने से पूरे शहर वासियों को आने जाने में परेशानी का कारण बनी क्योंकि अन्य सभी मार्ग टूटी सड़कों, कटीली झाड़ियां और आवारा कुत्तों के विचरण के मार्ग हैं जिसको पार करना सामान्य जन के लिए दुविधा का कारण है।
- इस परेशानी को लेकर न तो जिला प्रशासन गंभीर है और न ही नगर परिषद के अधिकारी जिनको जन समस्या से कोई सरोकार ही नहीं है।
- वे तो अपनी मनमर्जी से ही शहर की जनता को हांकने में लगे हुए हैं।
- सत्तारूढ़ दल के नेता तो गुटबाजी में उलझे हुए हैं।
ऐसे में शहर की जनता भगवान भरोसे है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
