डूंगरपुर: स्कूली वाहनों का औचक निरीक्षण, क्षमता से अधिक बच्चे मिलने पर कार्रवाई
विधिक सेवा प्राधिकरण और परिवहन विभाग ने आसपुर में बाल वाहिनियों की जांच की; नियमों के उल्लंघन पर 5 चालान और 1 वाहन जब्त।

डूंगरपुर के आसपुर क्षेत्र में परिवहन विभाग और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम स्कूली वाहनों की सुरक्षा मानकों और क्षमता की जांच करती हुई।
डूंगरपुर राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, डूंगरपुर के अध्यक्ष सुनील कुमार पंचोली के निर्देशन में आज आसपुर क्षेत्र में परिवहन विभाग के सहयोग से स्कूली वाहनों (बाल वाहिनियों) का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जो तस्वीरें सामने आईं, वे डराने वाली थीं—जहाँ मासूम बच्चों की सुरक्षा को ताक पर रखकर उन्हें 'भेड़-बकरियों' की तरह वाहनों में ठूँसा गया था।
नियमों की उड़ी धज्जियां: क्षमता से अधिक बच्चे
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि अधिकांश बाल वाहिनियों में क्षमता से अधिक बच्चे बैठे थे, जिसे सचिव मनोज मीणा ने 'खुशियों की सवारी के नाम पर खतरे का सफर' करार दिया। जिला परिवहन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निम्नलिखित कदम उठाए:
- पाँच वाहनों के चालान काटे गए।
- गंभीर अनियमितता पाए जाने पर एक वाहन को मौके पर ही डिटैन कर लिया गया।
सुरक्षा उपकरणों का अभाव
जांच में सुरक्षा मानकों की भारी कमी पाई गई:
- फर्स्ट एड बॅाक्स: प्राथमिक उपचार के डिब्बे नदारद थे या खाली थे।
- तकनीकी खामियां: वाहनों में न तो कैमरे लगे हुए थे/ न ही काम कर रहे थे और न ही जीपीएस (GPS) की सुविधा थी।
- अन्य सुविधाएं: आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सुविधाओं का पूर्ण अभाव पाया गया।
स्कूल प्रबंधन को कड़ी चेतावनी
प्राधिकरण के सचिव मनोज मीणा ने इस लापरवाही पर गहरा रोष व्यक्त किया। उन्होंने स्कूल प्रबंधकों को आड़े हाथों लेते हुए कड़े निर्देश दिए कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो संबंधित शिक्षण संस्थान के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
"मासूम बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती। बाल वाहिनी नियम केवल कागजों के लिए नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हैं।"

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
