डूंगरपुर: सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के खिलाफ नगर परिषद का पीला पंजा, अवैध निर्माण ध्वस्त
डूंगरपुर नगर परिषद ने वसुंधरा विहार में एस.पी. ऑफिस के पास अकरम हुसैन द्वारा सरकारी जमीन पर किए गए अवैध अतिक्रमण को जेसीबी से ध्वस्त किया। आयुक्त प्रकाश डूडी के निर्देश पर आरई हितेश रोत की टीम ने टीन शेड और चारदीवारी को हटाकर जमीन को मुक्त कराया और परिषद का बोर्ड लगाया। प्रशासन की इस बड़ी कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है।

डूंगरपुर। शहर के पॉश इलाके में सरकारी संपत्तियों पर कुदृष्टि डालने वाले भू-माफियाओं और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नगर परिषद ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। डूंगरपुर शहर के वसुंधरा विहार कॉलोनी क्षेत्र में जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय (एस.पी. ऑफिस) के समीप बेशकीमती सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को नगर परिषद की टीम ने पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिया। प्रशासन की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से क्षेत्र के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया है।
घटनाक्रम के अनुसार, अकरम हुसैन पिता इस्माइल नूर मोहम्मद द्वारा वसुंधरा विहार स्थित राजकीय भूमि पर अवैध रूप से चारदीवारी का निर्माण कर टीन शेड का कमरा खड़ा कर दिया गया था। इस अतिक्रमण की पुख्ता शिकायत मिलने पर नगर परिषद आयुक्त प्रकाश डूडी ने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल राजस्व विभाग की टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए। आयुक्त के आदेश पर राजस्व विभाग की टीम आरई हितेश रोत के नेतृत्व में लाव-लश्कर के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने जब सरकारी रिकॉर्ड से भूमि का मिलान किया, तो शिकायत सही पाई गई और यह स्पष्ट हो गया कि उक्त निर्माण पूरी तरह गैर-कानूनी है।
मौके पर मौजूद विरोध की आशंकाओं के बीच परिषद की टीम ने जेसीबी की सहायता से अवैध रूप से बनाई गई चारदीवारी और टीन शेड के कमरे को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान नगर परिषद ने स्पष्ट संदेश दिया कि सार्वजनिक और राजकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ध्वस्तीकरण के पश्चात परिषद ने उस भूमि पर अपना मालिकाना हक जताते हुए 'नगर परिषद की निजी संपत्ति' का बोर्ड चस्पा कर दिया। इस दौरान अतिक्रमणकर्ता अकरम हुसैन को भविष्य में ऐसी किसी भी गतिविधि की पुनरावृत्ति न करने के लिए कठोरता से पाबंद किया गया। नगर परिषद की इस कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि शहर के नियोजित विकास और सरकारी भूमि के संरक्षण के लिए प्रशासन किसी भी स्तर पर समझौता करने के मूड में नहीं है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
