डूंगरपुर में भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव का पांच दिवसीय आगाज 27 से
श्री जैन नवयुवक मण्डल के तत्वावधान में आयोजित इस पांच दिवसीय महोत्सव में प्रभातफेरी, रक्तदान शिविर, वरघोड़ा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी।

डूंगरपुर। भगवान श्री महावीर के जन्म कल्याणक महोत्सव का पांच दिवसीय कार्यक्रम का आगाज श्री जैन नवयुवक मण्डल के तत्वावधान में शुक्रवार से होगा। महोत्सव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं, जहां एक ओर नवयुवक मण्डल के पदाधिकारी व्यवस्थाओं को पूर्ण करने में जुटे हैं, वहीं महिला मण्डलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भगवान महावीर के उपदेशों को जन-जन तक पहुँचाने का उत्साह देखते ही बन रहा है।
धार्मिक अनुष्ठान और सेवा कार्यों की रूपरेखा
नवयुवक मण्डल के अध्यक्ष शैलेष मेहता ने बताया कि पांच दिवसीय कार्यक्रम के तहत 27 मार्च को प्रगतिनगर स्थित श्री पाश्र्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में पंचामृत अभिषेक एवं शांतिधारा का आयोजन प्रात: 7 बजे होगा। इसके पश्चात 28 मार्च को ओटा स्थित नेमिनाथ मंदिर में महिला गरबा का भव्य आयोजन किया जायेगा। आगामी 29 मार्च रविवार को ओटा स्थित नेमिनाथ मंदिर से घाटी स्थित महावीर स्वामी मंदिर तक पैदल संघ द्वारा यात्रा की जाएगी। यहाँ मंदिर परिसर में भक्तामर पाठ, पक्षाल एवं केसरपूजा का आयोजन होगा। इसी दिन 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक जैन सोसायटी स्थित श्री संभवनाथ जैन परिसर में रक्तदान शिविर होगा, जिसके प्रायोजक डॉ. कुशल-चम्पालाल जैन ओडवाडिया वाले होंगे। दोपहर 3 बजे से मंदिर परिसर में ही रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
चिकित्सालय एवं गौ-शाला में सेवा प्रकल्प
30 मार्च को सेवा कार्यों की कड़ी में श्री हरिदेव जोशी सामान्य चिकित्सालय में लाभार्थी परिवार माणकलाल वोरा एवं महावीर इन्टरनेशनल के सहयोग से फल वितरण किया जाएगा। साथ ही भण्डारिया स्थित श्री महावीर गौ-शाला में उत्पल सोमालाल जैन गलियाकोट परिवार की ओर से साढे दस बजे गौ-ग्रास वितरण का कार्यक्रम संपन्न होगा।
प्रभातफेरी, वरघोड़ा और भव्य सांस्कृतिक संध्या
31 मार्च को मुख्य आयोजन के दिन प्रात: साढे पांच बजे गेपसागर की पाल से प्रभातफेरी निकाली जायेगी, जो शहर के मुख्य मार्गाे से होकर पुन: गेपसागर की पाल पहुंचेगी। यहाँ ध्वज वंदन एवं प्रभावना वितरण रमेश भंवरा, लता बेन सरैया, अनिल शाह परिवार एवं अनुभा-आलोक कुमार शाह परिवार द्वारा किया जायेगा। प्रात: 9 बजे घाटी स्थित श्री जैन श्वेताम्बर वीशा पोरवाड संघ के महावीर स्वामी मंदिर से एवं फौज का बडला स्थित शामलाजी के ऊंडा मंदिर से भगवान का वरघोडा निकाला जायेगा। यह वरघोडा भितरी शहर के विभिन्न मार्गाे से होता हुआ पुन: मंदिर स्थल पर पहुंचेगा, जिसके पश्चात उदयविलास स्थित आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में सकल जैन समाज का स्वामीवात्सलय आयोजित होगा। रात्रि में लक्ष्मण मैदान स्थित डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी हॉल में जैन महिला मण्ड़लों द्वारा लघु नाटिकाओं और नृत्यों के माध्यम से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जायेगी। संपूर्ण महोत्सव के दौरान लाभार्थी परिवारों द्वारा ठण्डाई, शीतल छाछ एवं शुद्ध जल की व्यवस्था रहेगी।
व्यवस्थाओं और तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप
महोत्सव की सफलता हेतु नवयुवक मण्डल के महामंत्री सुनील जैन श्रणिक, पंकज जैन एवं कोषाध्यक्ष अमोल जैन के साथ कार्यकारिणी के अन्य सदस्य व्यवस्थाओं की व्यापक तैयारियों में जुटे हैं। "महिला मण्डलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों जिसमे भगवान महावीर के उपदेशों एवं संस्कृति को लेकर लघु नाटिकाएं, जैन धर्म की महत्ता एवं नृत्यों को लेकर तैयारियां भी जोरशोर से की जा रही है।"

Sudhir jain (Dungarpur)
नाम: सुधीर जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: डूंगरपुर जिला (राजस्थान)
अनुभव: 40 वर्ष
बीट और विशेषज्ञता (Beats & Coverage)
- स्थानीय समाचार: डूंगरपुर जिले और संबंधित तहसीलों की सभी प्रकार की स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- राजनीति एवं धर्म: स्थानीय व जिला स्तरीय राजनीतिक घटनाक्रम, चुनाव, प्रशासनिक नीतियां और धार्मिक आयोजनों व सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर विशेष रिपोर्टिंग।
- क्राइम एवं प्रशासन: कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई, अदालती मामले और सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली की खबरें।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सा शिविर और जनस्वास्थ्य से जुड़े समाचार।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां, लघु उद्योग और आर्थिक विकास से जुड़े विषय।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
विज्ञान स्नातक - गणित (B.Sc. Mathematics)
