डूंगरपुर: चौरासी में ट्रैक्टर की चपेट में आने से श्रमिक की मौत, करमेला घाटी के पास हुआ हादसा
महुडी से मजदूरी कर घर लौट रहे युवक तिलक अहारी को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, उदयपुर के एमबी अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम।

उदयपुर। संभाग के डूंगरपुर जिले के चौरासी थाना क्षेत्र में रविवार शाम को एक हृदय विदारक दुर्घटना घटित हुई। कलाल घाटा डूंगरपूर निवासी तिलक (30) पुत्र कांतिलाल अहारी महुडी में मजदूरी का कार्य समाप्त कर पैदल-पैदल अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान करमेला घाटी में श्मशान घाट के पास एक तेजगति से आ रहे ट्रेक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
उपचार के दौरान तोड़ा दम
ट्रेक्टर की टक्कर से तिलक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार हेतु एमबी चिकित्सालय में लाया गया, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। इस भीषण हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर छा गई।
पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्यवाही शुरू की। मृतक के पिता की रिपोर्ट पर हेड कांस्टेबल कांतिलाल ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अब दुर्घटना के कारणों और फरार ट्रैक्टर चालक की जांच में जुटी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
