डूंगरपुर। श्री जैन नवयुवक मंडल के तत्वाधान मे पांच दिवसीय जन्मकल्याणक महोत्सव के तीसरे दिन पद यात्रा, रक्तदान व रंगोली में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ शिरकत की ओर कार्यक्रम को ऊंचाइयों पर पहुंचाया। जन्म कल्याणक महोत्सव के कार्यक्रमों की धूम से सरोबार हो रही है गिरी नगरी। पद यात्रा, रक्तदान व रंगोली में श्रद्धा का ज्वार उमड़ पड़ा है।

जयकारों के बीच निकली भव्य पद यात्रा

रविवार प्रातः जैन नवयुवक मंडल के अध्यक्ष शैलेश मेहता के तत्वाधान मे श्री नेमीनाथ मंदिर से वाद्ययंत्रों की मधुर स्वर लैरी पर भक्तों का टोला जब निकला तो वातावरण वर्धमान के जयकारों से गूंज उठा। यह पैदल यात्रा तहसील चौराहा, गैप सागर की पाल, पुराना हॉस्पिटल, कंसारा चौक, सोनिया चौक, घूमता बाजार माणक चौक, फौज का बडला होते हुए घाटी स्थित गंभीरा पार्श्वनाथ मंदिर में स्थित महावीर स्वामी मंदिर पहुंची जहां भक्तों ने देव दर्शन के साथ धार्मिक क्रियाएं संपादित की। उस दौरान भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमे। इस भव्य पद यात्रा में सकल जैन समाज के धर्मप्रेमी भारी संख्या में उपस्थित थे।

सेवा का संकल्प: 65 यूनिट रक्तदान

इसके पश्चात जैन सोसाइटी स्थित संभवनाथ जैन परिसर मे डॉ राजेश सरैया के निर्देशन एवं संयोजक पद्मेश गांधी व सहसंयोजक हर्षवर्धन जैन तथा मुख्य लाभार्थी डॉ कुशल चंपालाल जैन (ओड़वाडिया) के सानिध्य मे रक्तदान शिविर का शुभारंभ हुआ। इस पुनीत कार्य में आठ महिलाओं सहित 65 जानों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। शिविर के दौरान महामंत्री सुनील जैन, श्रेणिक दावड़ा, पंकज जैन, कोषाध्यक्ष अमोल जैन के साथ पूर्व अध्यक्ष सुबोध सरैया, नरेश जैन, युवक महासंघ के अध्यक्ष विवेक दोषी, पोरवाड़ नवयुवक मंडल के अध्यक्ष नितेश मेहता, प्रवीण मलासिया, राजेश डेन्दु, वीरा क्लब की अध्यक्ष कल्पना दोषी, सूर्य कुमार जैन, विजय मेहता उपस्थित रहे। चिकित्सा टीम से डॉ तुराब खुशनुद, खुमान सिंह चौहान, संजय डामोर, अनिल त्यागी, कृष्णा सेवक, हितेश गामोट, पंकज पटेल, अर्पित गुप्ता, अविश यादव और लखन सेठिया ने अपनी सेवाएं दीं।

कला और भक्ति का संगम

संभवनाथ परिसर मे आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में 25 प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपनी कला का प्रदर्शन किया। इससे पूर्व शनिवार रात्रि को नेमीनाथ मंदिर के उपाश्रय में भक्ति गीतों पर गरबा रास का आयोजन हुआ जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सभी रक्तदाताओं का बहुमान किया गया।

आगामी सेवा कार्य

महोत्सव के चौथे दिन सोमवार को सामान्य चिकित्सालय में माणक लाल वोरा परिवार के सहयोग से फल वितरण किया जाएगा। साथ ही भंडारिया स्थित श्री महावीर गौशाला मे उत्पल सोमालाल जैन परिवार के द्वारा गौ ग्रास वितरण का कार्यक्रम संपन्न होगा। श्रद्धा और सेवा के इन विविध आयोजनों ने पूरी गिरी नगरी को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण वातावरण से सराबोर कर दिया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story