डूंगरपुर: अवैध लकड़ी से भरा ट्रक जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
वन विभाग ने पुनाली घाटा में नाकाबंदी के दौरान नीम और सिरस की गीली लकड़ी से लदे ट्रक को पकड़ा, चालक सहित दो आरोपी हिरासत में लिए गए।

डूंगरपुर में अवैध रूप से हरे पेड़ों की कटाई और लकड़ी तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गीली लकड़ी से भरे एक ट्रक को जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान ट्रक ड्राइवर समेत दो लोगों को हिरासत में लिया गया। ट्रक में तिरपाल के नीचे बड़ी मात्रा में गीली लकड़ी के गट्टे छिपाकर ले जाए जा रहे थे।
दोवड़ा वन क्षेत्र के रेंजर यशपाल सिंह ने बताया कि हरे पेड़ों की अवैध कटाई और तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उपवन संरक्षक के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने आसपुर रोड स्थित पुनाली घाटा में नाकाबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
नाकाबंदी के दौरान वनपाल नाथूराम, चंद्रवीर सिंह, हर्षवर्धन सिंह और वन रक्षक नाथूलाल की टीम ने एक संदिग्ध ट्रक को रुकवाया। तलाशी लेने पर ट्रक में तिरपाल से ढकी हुई गीली लकड़ी के बड़े और छोटे गट्टे मिले। जांच में लकड़ी काटने और परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
पूछताछ में ड्राइवर ने बताया कि लकड़ी आसपुर क्षेत्र से भरकर लाई जा रही थी। वन अधिकारियों के अनुसार जब्त की गई लकड़ी में नीम और सिरस के पेड़ शामिल हैं, जिन्हें राजस्व भूमि से अवैध रूप से काटा गया था।
वन विभाग ने लकड़ी से भरे ट्रक को जब्त कर लिया है। मामले में हिरासत में लिए गए दोनों लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा अवैध कटाई और परिवहन नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। यह कार्रवाई क्षेत्र में वन संपदा की तस्करी पर रोक लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Sudhir jain (Dungarpur)
नाम: सुधीर जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: डूंगरपुर जिला (राजस्थान)
अनुभव: 40 वर्ष
बीट और विशेषज्ञता (Beats & Coverage)
- स्थानीय समाचार: डूंगरपुर जिले और संबंधित तहसीलों की सभी प्रकार की स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- राजनीति एवं धर्म: स्थानीय व जिला स्तरीय राजनीतिक घटनाक्रम, चुनाव, प्रशासनिक नीतियां और धार्मिक आयोजनों व सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर विशेष रिपोर्टिंग।
- क्राइम एवं प्रशासन: कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई, अदालती मामले और सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली की खबरें।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सा शिविर और जनस्वास्थ्य से जुड़े समाचार।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां, लघु उद्योग और आर्थिक विकास से जुड़े विषय।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
विज्ञान स्नातक - गणित (B.Sc. Mathematics)
