डूंगरपुर में बिछीवाड़ा थाना इलाके में नेशनल हाईवे-48 पर बरोठी के पास कार सवार मुंबई के 2 फोटोग्राफर को बंधक बनाकर लूटपाट की वारदात हुई। बदमाशों ने चाकू, तलवार और पत्थरों से हमला किया, जिसमें कार ड्राइवर घायल हो गया।

वारदात का संक्षिप्त विवरण

  • 2 बाइक पर आए 6 बदमाशों ने 20 हजार कैश, कार और फोटोग्राफर के कैमरे लूट लिए और फरार हो गए।
  • पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

घटना का क्रम: बरोठी के पास कार में पेट्रोल हुआ खत्म

डूंगरपुर डीएसपी तपेंद्र कुमार ने बताया कि अमरसिंह सिसोदिया (36) निवासी रानावाड़ा उदयपुर ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। इसमें बताया कि वह एक कंपनी का कार ड्राइवर है। मुंबई के फोटोग्राफर किरण पंवार निवासी पुणे और अमय कुमार निवासी मुंबई, दोनों उदयपुर में एक इवेंट में फोटोग्राफी करने आए थे।

रविवार रात करीब 11.30 बजे दोनों फोटोग्राफर को कार से लेकर अहमदाबाद एयरपोर्ट छोड़ने के लिए जा रहे थे। नेशनल हाईवे-48 पर रात करीब 2 बजे बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में बरोठी के पास कार में पेट्रोल खत्म हो गया।


नकाबपोश बदमाशों का हमला और बंधक बनाना

ड्राइवर अमरसिंह कार को हाईवे के किनारे खड़ी कर पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने गया। दोनों फोटोग्राफर कार में ही बैठे रहे। इस दौरान एक बाइक पर 3 नकाबपोश बदमाश आए। बदमाशों ने आते ही उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

"बदमाशों ने चाकू, तलवार दिखाकर डराया धमकाया और पैसे मांगे। मना करने पर मारपीट करते हुए उन्हें बंधक की तरह कार के बाहर नीचे बैठा दिया।"

दोनों से मारपीट कर कार की तलाशी ली गई। इस दौरान एक बैग से 20 हजार रुपए लूट लिए। वहीं बैग से लैपटॉप, कैमरे निकाल लिए। बदमाशों ने अमय कुमार के हाथ में पहनी घड़ी भी उतार ली।


ड्राइवर पर जानलेवा हमला और साथियों की एंट्री

इस दौरान ड्राइवर अमरसिंह वापस आ गया। बदमाशों ने उसके साथ भी मारपीट की। अमरसिंह के विरोध करने पर उसे तलवार से मारने की कोशिश की गई। अमरसिंह तलवार के हमले से बच गया, लेकिन उसके सिर पर बदमाशों ने पत्थर मार दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। उसी दौरान छिपकर बैठे बदमाशों के 3 साथी भी बाइक लेकर और आ गए। सभी ने मिलकर मारपीट की।


कार लूटकर फरार हुए आरोपी

इसके बाद कार में पेट्रोल डालकर आरोपी कार लूटकर फरार हो गए। कार में मुंबई के दोनों फोटोग्राफर के महंगे ब्रांड के कैमरे के साथ ही कैश भी लूट लिया।

  • बदमाशों ने पथराव भी किया जिससे उन्हें चोट आई।
  • सूचना के बाद गश्त पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
  • बदमाश पथराव करते हुए कार लेकर फरार हो गए।
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story