भीषण गर्मी के इस प्रचंड दौर में जहां पारा आसमान छू रहा है, वहीं डूंगरपुर जिला मुख्यालय पर राहगीरों और ग्रामीणों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से समाजसेवी हरीश मेहता ने एक ऐसी अनूठी और अनुकरणीय परंपरा का सूत्रपात किया है, जिससे हर प्यासा हलक अपनी प्यास बुझाकर असीम सुकून प्राप्त कर रहा है। समाजसेवी हरीश मेहता की यह अनूठी पहल आज शहर के हर कोने में आमजन के लिए संजीवनी साबित हो रही है। अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए मेहता न केवल तय स्थानों पर, बल्कि जन समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट एवं अन्य सरकारी कार्यालयों व स्थानों पर पहुंचने वाले ग्रामीणों को भी, पानी की किल्लत की सूचना मिलते ही तत्काल वहां पहुंचकर राहत प्रदान करने का अनुकरणीय कार्य कर रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, समाजसेवी हरीश मेहता विगत दो माह से लगातार शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर मुस्तैदी से जुटे हुए हैं। दरअसल, जिला मुख्यालय पर अपने निजी व आवश्यक कार्यों से आने वाले ग्रामीण और आम नागरिक भीषण गर्मी के कारण पानी के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हो जाते थे और अंततः थक-हारकर उन्हें बाजार से महंगे दामों पर पानी खरीदकर अपनी प्यास बुझानी पड़ती थी। आमजन की इसी विवशता और पीड़ा को भांपते हुए मेहता ने पिछले दो महीनों से एक सुव्यवस्थित बीड़ा उठाया है। वे प्रतिदिन अलसवेरे अपने निजी वाहन से पानी के कैंपर भरकर उनके द्वारा शहर में स्थापित किए गए विभिन्न प्याऊ केंद्रों पर रख आते हैं। इतना ही नहीं, वे दिनभर इन सभी प्याऊ केंद्रों की निरंतर निगरानी भी करते हैं और जैसे ही कोई कैंपर खाली होता है, उसे तुरंत दोबारा भर देते हैं।

समाजसेवा का यह कारवां केवल चौक-चौराहों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि शहर के आस-पास स्थित कुछ विद्यालय भवनों पर भी उन्होंने पेयजल उपलब्धता के सेवा कार्य को पूरी निष्ठा के साथ अंजाम दिया है। आज के इस दौर में जहां कई स्वयंसेवी संस्थाएं धरातल पर कम काम करके महज सुर्खियों और प्रचार-प्रसार में बने रहने का प्रयास करती हैं, वहीं दूसरी ओर बिना किसी प्रचार के धरातल पर काम कर रहे हरीश मेहता का यह जज्बा मिसाल पेश कर रहा है। यही कारण है कि बाहर से आने वाले ग्रामीणजन और स्थानीय शहरी बाशिंदे उनके इस पुनीत कार्य एवं जज्बे की मुक्तकंठ से सराहना कर रहे हैं। इस भीषण ताप में राहगीरों को पेयजल उपलब्ध कराता हरीश मेहता का यह चलता-फिरता प्याऊ मानवीय संवेदनाओं और सेवा भावना का जीवंत प्रतीक बनकर उभरा है।

Sudhir jain (Dungarpur)

Sudhir jain (Dungarpur)

नाम: सुधीर जैन

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: डूंगरपुर जिला (राजस्थान)

अनुभव: 40 वर्ष

बीट और विशेषज्ञता (Beats & Coverage)

  • स्थानीय समाचार: डूंगरपुर जिले और संबंधित तहसीलों की सभी प्रकार की स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
  • राजनीति एवं धर्म: स्थानीय व जिला स्तरीय राजनीतिक घटनाक्रम, चुनाव, प्रशासनिक नीतियां और धार्मिक आयोजनों व सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर विशेष रिपोर्टिंग।
  • क्राइम एवं प्रशासन: कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई, अदालती मामले और सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली की खबरें।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सा शिविर और जनस्वास्थ्य से जुड़े समाचार।
  • बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां, लघु उद्योग और आर्थिक विकास से जुड़े विषय।


शैक्षणिक योग्यता (Education)

विज्ञान स्नातक - गणित (B.Sc. Mathematics)

Next Story