डूंगरपुर: अंध विद्यालय फलौज में नवनिर्मित स्नानघर का लोकार्पण
भाविप आसपुर शाखा द्वारा फलौज के अंध विद्यालय में स्नानघर का लोकार्पण, साथ ही पक्षी मित्र अभियान के तहत 120 जल पात्रों का वितरण किया गया।

डूंगरपुर (प्रात:काल संवाददाता)। सेवा और समर्पण की जीवंत मिसाल पेश करते हुए भारत विकास परिषद् शाखा आसपुर ने अंध विद्यालय फलौज में नवनिर्मित स्नानघर का भव्य समारोह पूर्वक लोकार्पण किया। इस महत्वपूर्ण आयोजन में भाविप के विभिन्न सेवा प्रकल्पों की गहन समीक्षा के साथ-साथ 'पक्षी मित्र अभियान' के तहत बेजुबान पक्षियों के लिए पेयजल हेतु 120 परिंडों का वितरण भी किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि भारत विकास परिषद् राजस्थान दक्षिण प्रांत के अध्यक्ष एडवोकेट मयंक दोशी (सागवाड़ा) ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य केवल पेट भरने, प्रजनन करने या धनार्जन तक सीमित नहीं है, बल्कि पीड़ित मानवता की निस्वार्थ सेवा में ही जीवन की सार्थकता निहित है। उन्होंने संगठन के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर कार्य करने वाली भाविप की पूरी टीम सेवा के इस कारवां को निरंतर आगे बढ़ाकर एक नया इतिहास रच रही है। कार्यक्रम के दौरान आसपुर शाखा अध्यक्ष केशरसिंह तंवर ने शाखा द्वारा संचालित समस्त सेवा गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रांतीय सेवा प्रभारी प्रवीण पंड्या, समाजसेवी प्रेमशंकर पाटीदार, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष रामलाल पाटीदार, अशोक जोशी खेड़ा एवं जनक गोस्वामी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। प्रकल्प प्रभारी देवराम मेहता ने अंध विद्यालय फलौज में नवनिर्मित स्नानघर की प्रोजेक्ट रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए भविष्य की कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। विद्यालय के प्रधानाचार्य देवराज गुर्जर ने अतिथियों का परंपरागत स्वागत करते हुए संगठन के सदस्यों द्वारा विद्यालय के प्रति दिखाए गए अपनापन और लगाव की भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस अवसर पर छात्र बाबूलाल मीणा (ईटाली खेड़ा) ने अत्यंत सुंदर भजन प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को जीवन के यथार्थ का बोध कराया, जिससे प्रभावित होकर अतिथियों ने उसे नगद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर, श्रीफल वधेर कर तथा नवनिर्मित स्नानघर का विधिवत लोकार्पण कर किया गया। विद्यालय परिसर में वितरित किए गए 120 परिंडे अब प्रबंध समिति एवं विद्यालय स्टाफ के माध्यम से विद्यालय परिसर, आसपास के वृक्ष कुंजों, देवालयों और विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित किए जाएंगे। कार्यक्रम का कुशल संचालन शाखा सचिव निकुंज जोशी ने किया, जबकि अंत में सेवा संयोजक नागेंद्रसिंह सटोड़ा ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।

