देवल गामड़ी में पांच जगह चोरी की वारदात, दो घरों से लाखों के जेवर-नकदी पार, जागने पर भागे चोर
डूंगरपुर के देवल गामड़ी में एक ही रात पांच स्थानों को चोरों ने निशाना बनाया। दो घरों से जेवर और नकदी चोरी हुई, जबकि तीन जगह लोग जागने से वारदात टल गई।

डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के देवल गामड़ी गांव में मंगलवार रात चोरों ने एक ही रात में पांच स्थानों को निशाना बनाया। इनमें दो घरों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया, जबकि तीन अन्य स्थानों पर लोगों के जाग जाने से चोरी का प्रयास विफल हो गया। चोर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
गामड़ी देवल के जनप्रतिनिधि अशोक कुमार अहारी ने बताया कि मंगलवार रात गांव में कुल पांच स्थानों पर चोरी या चोरी का प्रयास हुआ। चोरों ने सबसे पहले संजय कुमार नटवरलाल पंचाल के सूने मकान को निशाना बनाया। संजय और उनका परिवार पिछले 15 दिनों से खेरवाड़ा स्थित अपने घर पर रह रहा था।
चोर घर के ताले तोड़कर अंदर घुसे और लोहे की पेटी को तोड़ दिया। पेटी में रखी 5 तोला सोने की चूड़ियां, 2 तोला सोने की चेन, 2 किलो चांदी के जेवर, 75 चांदी के मनके, 21 तोला चांदी की पायजेब तथा 10 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए।
इसके बाद चोरों ने नाथू धना यादव के घर के ताले तोड़े और वहां से सोने-चांदी के जेवरों के साथ 80 हजार रुपए नकद चोरी कर लिए। नाथू ने बताया कि उन्होंने पांच दिन पहले ही एक समूह से 50 हजार रुपए लिए थे, जो भी चोरी हो गए।
चोरों ने दला कचरा यादव की दुकान का शटर तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन दला के जाग जाने पर वे मौके से भाग निकले। इसी तरह कालू रत्ना यादव और कुरिलाल भट्ट के घरों में भी चोरी का प्रयास किया गया, लेकिन दोनों परिवारों के जाग जाने से चोर वारदात को अंजाम नहीं दे सके।
ग्रामीणों ने बताया कि रात करीब 11:30 बजे चोर गांव में आए थे। लोगों ने दो चोरों को भागते हुए देखा, जबकि उनके अन्य साथियों के भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। भागते समय चोर धारिया और फेट जैसे हथियार मौके पर छोड़ गए। कुरिलाल भट्ट ने बताया कि जागने के बाद जब वह बाहर निकले तो उन्होंने दो चोरों को भागते हुए देखा।
घटना के बाद ग्रामीणों में बढ़ती चोरी की वारदातों को लेकर आक्रोश है। लोगों ने कहा कि इससे पहले हुई चोरी की घटनाओं का भी अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने पुलिस से इस मामले का शीघ्र खुलासा करने और फरार चोरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Sudhir jain (Dungarpur)
नाम: सुधीर जैन
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: डूंगरपुर जिला (राजस्थान)
अनुभव: 40 वर्ष
बीट और विशेषज्ञता (Beats & Coverage)
- स्थानीय समाचार: डूंगरपुर जिले और संबंधित तहसीलों की सभी प्रकार की स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- राजनीति एवं धर्म: स्थानीय व जिला स्तरीय राजनीतिक घटनाक्रम, चुनाव, प्रशासनिक नीतियां और धार्मिक आयोजनों व सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर विशेष रिपोर्टिंग।
- क्राइम एवं प्रशासन: कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई, अदालती मामले और सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली की खबरें।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सा शिविर और जनस्वास्थ्य से जुड़े समाचार।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां, लघु उद्योग और आर्थिक विकास से जुड़े विषय।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
विज्ञान स्नातक - गणित (B.Sc. Mathematics)
