डूंगरपुर। बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर बॉर्डर पर बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 6.5 लाख रुपए मूल्य की अंग्रेजी शराब जप्त की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई उस समय हुई जब पुलिस को सूचना मिली कि उदयपुर से अहमदाबाद की ओर जा रहा एक ट्रक अवैध शराब ले जा रहा है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कैलाश स्वामी ने रतनपुर बॉर्डर पर नाकाबंदी की और ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की। चालक संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाया, जिसके बाद ट्रक की तलाशी शुरू की गई। तलाशी के दौरान प्लास्टिक के खाली ड्रम हटाकर देखा गया तो पता चला कि उनमें एक गुप्त केबिन बनाया गया था, जिसमें अवैध शराब छिपाई गई थी।

पुलिस ने ट्रक को थाने ले जाकर विस्तृत जांच की, जिसमें 50 कार्टून और अलग-अलग पैकिंग में कुल 695 बोतल हरियाणा निर्मित शराब बरामद हुई। यह शराब राजस्थान में प्रतिबंधित है और इसकी बाजार कीमत लगभग 6.5 लाख रुपए आंकी गई है। इस मामले में पुलिस ने संदीप, पुत्र रामकुमार वाल्मीकि निवासी कबीर बस्ती, बहादुरगढ़, झज्जर (हरियाणा) को आभकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया।

थाना प्रभारी ने बताया कि इस प्रकार की कार्रवाई अवैध शराब की तस्करी को रोकने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए की जा रही है। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में शराब तस्करी पर कड़ी चोट लगी है और पुलिस प्रशासन द्वारा सक्रिय निगरानी जारी रखने का संदेश भी दिया गया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story