डूंगरपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को डूंगरपुर जिले के एक दिवसीय दौरे पर रहे। बेणेश्वर धाम पर आयोजित 'राजस्थानी जनजाति गौरव दिवस' के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए 1902 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने जहां आदिवासी समाज के उत्थान का संकल्प दोहराया, वहीं विपक्षी दलों और भारत आदिवासी पार्टी पर तीखे प्रहार किए।

मंदिर दर्शन और विकास प्रदर्शनी का अवलोकन

सीएम एक दिवसीय दौरे पर हेलिकॉप्टर से बेणेश्वर धाम पर बने हेलीपेड पर उतरे। इस दौरान भाजपा नेताओं व अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद सीएम वाल्मीकि मंदिर और हरि मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिरों में दर्शन कर पूजा अर्चना की। इसके बाद सीएम भजनलाल शर्मा जनजाति गौरव दिवस पर लगाई गई प्रदर्शनी स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदर्शनी में लगी स्टॉल्स और वहां पर महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों का अवलोकन किया। इसके साथ ही मेधावी बेटियों को स्कूटियों का वितरण किया। प्रदर्शनी के अवलोकन के बाद सीएम भजनलाल शर्मा सभास्थल पर मंच पर पहुंचे, जहां उन्होंने जनता का अभिवादन किया। इस मौके पर सीएम का फूल मालाओं से स्वागत किया गया।

1902 करोड़ की सौगात और बेणेश्वर धाम का कायाकल्प

सीएम भजनलाल शर्मा ने इस मौके पर डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, सलूंबर व सिरोही जिलों में 1902 करोड़ के 326 विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया। इसके साथ ही सीएम ने लखपति दीदियों को टेबलेट का वितरण करने के साथ महिला स्वयं सहायता समूह को ऋण के चेक का भी वितरण किया। सीएम ने कहा कि राजस्थान की विकास यात्रा मे जनजाति विकास का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि आदिवासियों का प्रसिद्ध तीर्थ स्थान बेणेश्वर धाम सालों से उपेक्षित रहा है, लेकिन अब हमारी सरकार आस्था के प्रतीक बेणेश्वर धाम पर करोड़ों के विकास काम करवाएगी। बेणेश्वर धाम का 130 करोड़ से विकास होगा, जिसमें धाम पर घाट, सड़कों का निर्माण, और सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

आदिवासी संस्कृति का संरक्षण और आर्थिक सशक्तिकरण

इस मौके पर सीएम ने कहा कि सरकार लघु ओर कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहन दे रही है। साथ ही आदिवासी कला और संस्कृति की विरासत को बचाने का भी काम किया जा रहा है। साथ ही आदिवासी कलाओं को बाजार और बनाने वाले हाथों को उचित दाम मिले, इसके लिए भी प्रयास सरकार की ओर से किए जा रहे हैं। सीएम भजनलाल शर्मा ने इस मौके पर आदिवासी नायक भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि "आदिवासी जननायक बिरसा मुंडा के इतिहास को वर्षों तक छुपाया गया, लेकिन पीएम मोदी ने बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर देश भर में आयोजन कर पहचान दी है।" वागड़ संत गोविंद गुरु ने आदिवासी समाज के उत्थान के लिए काम किया। इस मौके पर उन्होंने मानगढ़, वीर कालीबाई सहित आदिवासी नायकों के बलिदान को याद किया।

शिक्षा और स्वरोजगार के लिए सरकारी योजनाएं

उन्होंने कहा कि जनजाति वर्ग के विकास और कल्याण में कोई कमी नहीं रहेगी। सरकार शिक्षा के क्षेत्र में आदिवासियों के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। अभियान चलाकर वन अधिकार के पट्टे दिए जा रहे हैं। जिला स्तर पर वनाधिकार प्रकोष्ठ का गठन कर रहे हैं। पढ़े लिखे युवाओं को स्वरोजगार के लिए ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है। इसके साथ ही जनजाति किसानों ओर पशुपालकों को योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित किया जा रहा है।

विपक्ष और भारत आदिवासी पार्टी पर तीखा हमला

मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के नेताओं पर कड़ा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि "वागड़ में कुछ लोग जनता की भावनाओं से खिलवाड़ कर रहे हैं। वे खुद कुछ काम नहीं कर सकते, लेकिन युवाओं को गलत दिशा में ले जा रहे हैं।" ऐसे लोग अपने बच्चों को तो जयपुर, कोटा और सीकर के बड़े स्कूलों में पढ़ाते हैं, लेकिन यहां के गरीब आदिवासी युवाओं को शिक्षा से दूर रखकर भड़काने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बांसवाड़ा में 45 हजार करोड़ का परमाणु संयंत्र लगाकर विकास की नई राह खोली है, लेकिन भड़काने वाले लोग केवल अपनी राजनीति चमका रहे हैं।

कार्यक्रम में गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति

इस कार्यक्रम में राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, सहकारिता मंत्री गौतम दक, धरोहर संरक्षण एवं प्रोन्नति प्राधिकरण के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, सांसद सीपी जोशी, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया और उदयपुर संभाग के भाजपा विधायक भी मौजूद रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story