धौलपुर निकाय चुनाव: शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
संवेदनशीलता के आधार पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात; अवैध गतिविधियों, संदिग्धों और होटल-लॉज पर पैनी नजर।

तस्वीर में धौलपुर पुलिसकर्मी एक होटल के रिसेप्शन काउंटर पर रजिस्टर की जांच करते हुए।
धौलपुर। नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए धौलपुर पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में जिले में कानून-व्यवस्था और चुनावी सुरक्षा को लेकर व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी प्लान लागू किया गया है। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी के साथ पैदल गश्त, एरिया डोमिनेशन और चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है।
जिले में 09 सितंबर को प्रथम चरण में धौलपुर नगर परिषद, राजाखेड़ा नगरपालिका, मनियां नगरपालिका एवं सैंपऊ नगरपालिका तथा 11 सितंबर को द्वितीय चरण में बाड़ी नगरपालिका, बसेड़ी नगरपालिका एवं सरमथुरा नगरपालिका में नगर निकाय चुनाव प्रस्तावित हैं। प्रथम चरण के तहत 135 वार्डों के 176 मतदान केंद्रों के लिए पोलिंग पार्टी सहित अन्य पुलिस जाप्ता आज रवाना होगा। चुनाव प्रक्रिया को निर्बाध और शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए मतदान केंद्रों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
पुलिस ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की है। पुलिस अधिकारी और जवान लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर चुनावी गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। नगर निकाय क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा पैदल गश्त एवं एरिया डोमिनेशन किया जा रहा है। प्रमुख बाजारों, मतदान केंद्रों के आसपास के क्षेत्रों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई है, ताकि आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम रहे और मतदाता बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
चुनाव के दौरान अवांछित गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए होटल, ढाबे, धर्मशालाएं, लॉज एवं अन्य संदिग्ध स्थानों की सघन चेकिंग की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ बाहरी व्यक्तियों की गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास, शराब अथवा अन्य प्रलोभन संबंधी गतिविधि, हथियारों का प्रदर्शन या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस के रडार पर चुनाव में व्यवधान अथवा विवाद पैदा करने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्व और बदमाश भी हैं। विवाद, तनाव अथवा किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न करने की संभावना वाले असामाजिक तत्वों, आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों एवं पूर्व में चुनावी विवादों में संलिप्त रहे बदमाशों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस द्वारा ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों की सतत मॉनिटरिंग की जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार उनके विरुद्ध निवारक एवं कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की विभिन्न टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर कानून-व्यवस्था की स्थिति, संदिग्ध गतिविधियों और चुनावी माहौल पर नजर रख रही हैं। किसी भी स्तर पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने या शांति भंग करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी। धौलपुर पुलिस ने आमजन एवं मतदाताओं से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के भय, दबाव, प्रलोभन अथवा अफवाह से प्रभावित हुए बिना अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से प्रयोग करें। चुनाव के दौरान किसी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस का उद्देश्य सुरक्षित वातावरण में स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना है और चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न करने वाले तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

Uttam Dixit, Dholpur
नाम: उत्तम दीक्षित
वर्तमान पद: संभाग प्रमुख (भरतपुर संभाग, राजस्थान)
कार्यक्षेत्र / स्थान: धौलपुर एवं भरतपुर संभाग, राजस्थान
पत्रकारिता का अनुभव
उत्तम दीक्षित जी को प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में 40 वर्षों का दीर्घकालिक एवं व्यापक अनुभव प्राप्त है। अपने लंबे पत्रकारिता करियर के दौरान उन्होंने देश एवं प्रदेश के प्रमुख मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं:
प्रिंट मीडिया (Print Media):
दैनिक प्रातःकाल, दैनिक भास्कर, दैनिक जागरण, पंजाब केसरी, दैनिक आज, विकासशील भारत, सीमा संदेश, जयपुर टाइम्स, राजस्थान दर्शन।
इलेक्ट्रॉनिक / टीवी मीडिया (Electronic Media):
TV99, A1TV, न्यूज नेशन (News Nation), प्रजातंत्र टीवी (Prajatantra TV), इंडिया वॉइस (India Voice), हिंदी खबर (Hindi Khabar), साधना प्लस (Sadhna Plus), वीआईपी न्यूज (VIP News)।
