रोटरी क्लब और एनआईआईटी फाउंडेशन: दक्षिण दिल्ली के युवाओं को दे रहे रोजगारपरक कौशल
साउथ दिल्ली में मई 2023 से चल रहे इस केंद्र ने अब तक 97 युवाओं को बीएफएसआई क्षेत्र में रोजगार दिलाया है, जिसमें महिलाओं की भागीदारी 73 प्रतिशत से अधिक है।

रोटरी क्लब ऑफ दिल्ली गार्डन सिटी और एनआईआईटी फाउंडेशन के दक्षिण दिल्ली केंद्र में कौशल विकास प्रशिक्षण ले रहे युवा और प्रशिक्षक।
नई दिल्ली, जून 2026: रोटरी क्लब ऑफ दिल्ली गार्डन सिटी (आरसीडीजीसी) और एनआईआईटी फाउंडेशन ने संयुक्त प्रयास से दक्षिण दिल्ली के वंचित युवाओं की तकदीर बदलने का बीड़ा उठाया है। मई 2023 में साउथ एक्सटेंशन में शुरू किए गए कौशल विकास कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं को रोजगारपरक कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। पिछले तीन वर्षों के दौरान इस केंद्र में 12वीं पास 199 युवाओं ने नामांकन कराया, जिनमें से 126 छात्रों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा किया है, जबकि 13 छात्र अभी भी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 97 युवाओं ने एनसीआर क्षेत्र की प्रतिष्ठित बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेस और इंश्योरेंस (बीएफएसआई) कंपनियों में सफलतापूर्वक रोजगार प्राप्त किया है।
यह कार्यक्रम महज नौकरी पाने तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को उनकी रुचि के अनुसार करियर चुनने के लिए प्रेरित करता है। करीब 30 छात्रों ने टीचिंग, मेहंदी आर्टिस्ट, ग्राफिक डिजाइनिंग और स्वयं का व्यवसाय शुरू करने जैसे क्षेत्रों का चयन कर अपनी राह खुद बनाई है। इस पहल में तकनीकी और कार्यात्मक कौशल, एम्प्लॉयबिलिटी स्किल्स, डिजिटल लिटरेसी और लाइफ स्किल्स पर विशेष ध्यान दिया गया। 400 घंटे के इस वेल-डिज़ाइन्ड ट्रेनिंग प्रोग्राम में करियर एजआईटी, बीएफएसआई, इंग्लिश एवं प्रेजेंटेशन स्किल्स, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट और कॉन्फिडेंस बिल्डिंग जैसे मॉड्यूल शामिल किए गए। क्लासरूम लर्निंग के साथ-साथ करियर गाइडेंस सेशंस, मॉक इंटरव्यू, एआई वर्कशॉप्स, साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस और इंडस्ट्री विजिट्स के माध्यम से प्रतिभागियों को वर्कप्लेस के लिए तैयार किया गया है।
महिलाओं के सशक्तिकरण के लिहाज से यह कार्यक्रम मील का पत्थर साबित हो रहा है। सर्टिफिकेट पाने वाले कुल प्रतिभागियों में 58 प्रतिशत महिलाएं हैं, जबकि प्लेसमेंट में उनकी हिस्सेदारी 73 प्रतिशत से अधिक रही है। दिल्ली यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग की छात्रा मौसमी की सफलता इसकी जीवंत मिसाल है, जिन्होंने करियर एज आईटी प्रोफेशनल प्रोग्राम से जुड़कर न केवल अपने परिवार को आर्थिक संबल दिया, बल्कि अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा भी बनीं।
रोटरी क्लब ऑफ दिल्ली गार्डन सिटी के अध्यक्ष रोटेरियन प्रमोद ग्रोवर ने कहा कि समाज के वंचित वर्गों को आर्थिक और भावनात्मक रूप से मजबूत बनाकर ही स्थायी बदलाव लाया जा सकता है। एनआईआईटी फाउंडेशन की कंट्री डायरेक्टर डॉ. चारु कपूर ने इसे साझा सोच का परिणाम बताते हुए कहा कि इस पहल ने आत्मविश्वास बढ़ाने और बेहतर करियर के लिए तैयार करने पर विशेष जोर दिया है। यह केंद्र सामुदायिक भागीदारी के जरिए शिक्षा, कौशल और मेंटरशिप के समावेश से वंचित युवाओं के जीवन में सकारात्मक और स्थायी बदलाव का एक सशक्त उदाहरण पेश कर रहा है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
