दिल्ली में जहरीली हुई हवा, AQI 428 पहुंचते ही लागू हुआ GRAP-4; NCR में सख्त पाबंदियां
दिल्ली में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। AQI 428 दर्ज होने के बाद पूरे NCR में GRAP-4 लागू कर दिया गया है। CAQM ने सख्त पाबंदियां लगाने और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। निर्माण कार्य, उद्योग और यातायात पर कड़े प्रतिबंधों के साथ प्रशासन अलर्ट मोड में है।

AQI crosses 400 in Delhi : राजधानी दिल्ली एक बार फिर गंभीर वायु प्रदूषण की चपेट में आ गई है। हवा की गुणवत्ता खतरनाक स्तर पर पहुंचने के बाद प्रशासन ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के चौथे चरण को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है। शनिवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 428 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर+’ श्रेणी में आता है।
शनिवार (17 जनवरी) को दिन में हालात तेजी से बिगड़ते चले गए। शाम करीब 4 बजे AQI जहां 400 के आसपास था, वहीं रात 8 बजे तक यह बढ़कर 428 पहुंच गया। खराब मौसम परिस्थितियों, कम हवा की रफ्तार और प्रदूषक कणों के जमाव के चलते स्थिति और अधिक गंभीर हो गई।
CAQM का बड़ा फैसला, पूरे NCR में GRAP-4 लागू :
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की सब-कमेटी ने आपात बैठक के बाद पूरे NCR में GRAP-4 के सभी सख्त नियम लागू करने का निर्णय लिया। इसके साथ ही पहले से लागू GRAP स्टेज-1, स्टेज-2 और स्टेज-3 के प्रतिबंध भी प्रभावी रहेंगे।
CAQM ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और संबंधित एजेंसियों को अतिरिक्त सख्ती, सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, ताकि हालात को काबू में लाया जा सके।
GRAP-4 के तहत कौन-कौन सी पाबंदियां लागू :
- GRAP-4 लागू होते ही दिल्ली और NCR में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए कई कड़े प्रतिबंध प्रभावी हो गए हैं—
- निर्माण और ध्वस्तीकरण कार्यों पर सख्त रोक
- प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों और कारखानों पर पाबंदियां
- गैर-जरूरी डीजल वाहनों और भारी ट्रकों की आवाजाही पर नियंत्रण
- प्रदूषण नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई और जुर्माना
बढ़ती चिंता, प्रशासन अलर्ट मोड में :
दिल्ली में बार-बार बिगड़ती वायु गुणवत्ता ने आम जनजीवन पर गंभीर असर डाला है। विशेषज्ञों के अनुसार, GRAP-4 का लागू होना यह दर्शाता है कि हालात बेहद चिंताजनक स्तर पर पहुंच चुके हैं। आने वाले दिनों में मौसम की स्थिति और प्रशासनिक सख्ती इस बात को तय करेगी कि राजधानी को जहरीली हवा से कितनी राहत मिल पाती है।

Ashiti Joil
यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।
