दिल्ली विधानसभा में सुरक्षा चूक: वीआईपी गेट तोड़कर घुसी कार, 3 गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश नंबर की कार लेकर घुसे नकाबपोश शख्स ने पोर्च में रखा गुलदस्ता, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पीलीभीत के चालक सहित तीन हिरासत में।

दिल्ली विधानसभा में सोमवार को सुरक्षा में चूक का बड़ा मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश नंबर की एक सफेद रंग की कार गेट पर लगे बैरियर तोड़कर विधानसभा परिसर में घुस गई। अधिकारियों के मुताबिक, कार के अंदर से एक नकाबपोश शख्स नीचे उतरा और एक गुलदस्ता विधानसभा परिसर में रखकर वापस लौट गया। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा दिए हैं। बताया जा रहा है यह घटना विधानसभा के गेट नंबर दो पर हुई है। पुलिस ने मामले में कार चालक समेत 3 लोगों को हिरासत में लिया है।
सुरक्षा का उल्लंघन और पुलिस कार्रवाई
उत्तर जिला पुलिस टीम ने रूपनगर इलाके में पिकेट पर वाहन को जब्त किया। आरोपी चालक पीलीभीत के पूरनपुर का रहने वाला बताया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश नंबर की कार दोपहर करीब दो बजे गेट नंबर-2 को तोड़ते हुए विधानसभा परिसर में प्रवेश कर गई। दिल्ली सचिवालय के एक अधिकारी ने कहा, "कार चालक विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के कार्यालय की ओर गया और पोर्च के पास फूलों का एक गुलदस्ता रखकर वापस लौट गया।" वीआईपी गेट पर सीआरपीएफ तैनात थी। किसी भी तरह की संदिग्ध या विस्फोटक वस्तु नहीं मिली।
सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों की गिरफ्तारी
इस घटना ने गंभीर सुरक्षा चिंताएं पैदा कर दी हैं और अधिकारी इसे संभावित "सुरक्षा उल्लंघन" के रूप में देख रहे हैं। यह घटना हाल ही में संपन्न बजट सत्र के दौरान विधानसभा को मिले बम धमकी भरे संदेशों के बाद सामने आई है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। कार चालक की पहचान सरबजीत सिंह के तौर पर हुई। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान सरबजीत सिंह के रूप में हुई है। वह कार चला रहा था। सरबजीत सिंह ने वीआईपी उपयोग वाले गेट दो को तोड़ा। अंदर घुसते और बाहर निकलते समय उसने बूम बैरियर को भी टक्कर मारी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने फुटेज की जांच की है। तीनों संदिग्धों को लगभग दो घंटे के भीतर पकड़ लिया गया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
