डीग, 02 जून। राज्य सरकार के 'वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' को धरातल पर सशक्त व परिणाममूलक बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी हैं। इसी क्रम में, राजस्थान सरकार के जल संसाधन मंत्री तथा भरतपुर व डीग जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश सिंह रावत, डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह और जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने सह बंध-होम्स कैनाल के कार्यों का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत, कुम्हेर स्थित ऐतिहासिक कच्चा कुण्डा पर विधि-विधान के साथ जल पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर पर्यावरण संवर्धन का उत्कृष्ट संदेश देते हुए सघन वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा और उपाध्यक्ष सतीश बंसल सहित अन्य प्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने अभियान की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरगामी सोच का ही परिणाम है कि आज राजस्थान का 'वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' पूरे देश में एक मिसाल बन गया है। अन्य राज्य भी इस अभियान की सफलता की विस्तृत रिपोर्ट राजस्थान से मांग रहे हैं। प्रदेश में हुई वर्षा और इस अभियान के भगीरथ प्रयासों से वे तालाब और जलाशय भी लबालब भर गए हैं, जो विगत 50-60 वर्षों से पूर्णतः रीते पड़े थे। स्वच्छता पर बल देते हुए मंत्री ने कहा कि जल स्रोतों की सफाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और जब तक यह अभियान एक वृहद जन-आंदोलन का रूप नहीं ले लेता, तब तक निरंतर अपने स्तर पर इसकी स्वच्छता सुनिश्चित करनी होगी।

पेयजल व्यवस्थाओं पर चर्चा करते हुए मंत्री रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा 'हर घर जल' के संकल्प के साथ 'जल जीवन मिशन' एक साहसिक और ऐतिहासिक कदम रहा है। उन्होंने पूर्ववर्ती राज्य सरकार के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार व अनियमितताओं के कारण जनता को इसके लाभ से वंचित रहने की बात कही। उन्होंने संशोधित पार्वती-कालीसिंध-चंबल लिंक परियोजना का उल्लेख करते हुए आश्वस्त किया कि राज्य सरकार कालीसिंध और पार्वती नदियों का पानी प्रदेश के 17 जिलों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे जल संकट का स्थायी समाधान होगा। मंत्री ने डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह की सक्रिय कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि विधायक की तत्परता और मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से ही डीग-कुम्हेर क्षेत्र को 400 केवी जीएसएस जैसा विशाल प्रोजेक्ट प्राप्त हुआ है। उन्होंने आगामी विश्व पर्यावरण दिवस के दृष्टिगत आमजन से अधिक से अधिक पेड़ लगाने और जल की प्रत्येक बूंद को संरक्षित करने की अपील की।

इस अवसर पर डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने 400 केवी जीएसएस के शिलान्यास पर मुख्यमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र के विकास में पूर्व मंत्री स्व. डॉ. दिगंबर सिंह के अविस्मरणीय योगदान को स्मरण करते हुए बताया कि कच्चा कुण्डा की खुदाई का बीड़ा स्व. डॉ. सिंह की ही दूरगामी सोच का परिणाम था। इसी भगीरथ प्रयास का परिणाम है कि आज अमृत योजना के तहत इसे जल से परिपूर्ण किया गया है, जो क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात है। कार्यक्रम के अंत में जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने सभी को 'वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' के तहत शपथ दिलाई।

Updated On
Pooran Prakash Bansal, Deeg

Pooran Prakash Bansal, Deeg

नाम: पूरण प्रकाश बंसल

पद: पत्रकार (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य

परिचय 

पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।

पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)

पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:

  • दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।

  • राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।

  • प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।

Next Story