डीग। राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में डीग जिले की ग्राम पंचायत सोनगांव में शुक्रवार को ग्रामीणों के लंबे समय से अधूरे पड़े सपने साकार हुए। स्वामित्व योजना के तहत पात्र ग्रामीणों को उनके पैतृक आवासों के पट्टे (प्रोपर्टी आईडी) शिविर के दौरान ही मौके पर प्रदान किए गए।

ग्रामीण बदनसिंह, पुत्र सुन्दरलाल जाटव ने बताया कि वे वर्षों से अपने पैतृक आवास के पट्टे के लिए प्रयासरत थे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल पा रही थी। इस शिविर में अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्या प्रस्तुत करने पर, शिविर प्रभारी एवं विकास अधिकारी के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत ने उन्हें उनके पैतृक आवास का पट्टा मौके पर ही प्रदान किया। बदनसिंह ने कहा, “अब मैं इस पट्टे के आधार पर बैंक से ऋण लेकर अपने बच्चों का बेहतर भविष्य सुनिश्चित कर सकूँगा। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री, राजस्थान सरकार एवं स्थानीय प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त करता हूँ।”

इसी प्रकार, नथोली पुत्र किशनसिंह, निवासी ग्राम पंचायत सोनगांव को भी स्वामित्व योजना के तहत उनका पैतृक आवास का पट्टा प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया वर्षों से लंबित थी और शिविर में अधिकारियों की मदद से उन्हें तुरंत पट्टा उपलब्ध कराया गया। नथोली ने कहा, “इस दस्तावेज़ के माध्यम से अब मैं अपने परिवार के लिए वित्तीय योजना और ऋण प्राप्त कर सकूँगा। मैं मुख्यमंत्री, राजस्थान सरकार एवं प्रशासन का आभारी हूँ।”

शिविर के दौरान नगला भवानी (ग्राम पंचायत सोनगांव) के देवेन्द्र सिंह और राजेन्द्र सिंह ने भी अपनी खातेदारी भूमि का बंटवारा कराया। उनकी भूमि पिछले पांच वर्षों से संयुक्त खाते में थी। हल्का पटवारी की सहायता से दोनों भाइयों ने अपने खातों को अलग करवा लिया। उन्होंने कहा, “अब हम भूमि का बंटवारा एवं कन्वर्जन करवा कर बैंक ऋण भी ले सकते हैं। इस शिविर के आयोजन के लिए हम मुख्यमंत्री, राजस्थान सरकार एवं विधायक डीग–कुम्हेर का आभार व्यक्त करते हैं।”

सोनगांव में आयोजित इस ग्रामीण सेवा शिविर ने स्थानीय ग्रामीणों को अधिकार और आत्मनिर्भरता की नई दिशा दी है। स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीण अब अपने संपत्ति दस्तावेज प्राप्त कर विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। इस पहल से न केवल उनकी वित्तीय स्थिति में सुधार होगा, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी सकारात्मक बदलाव आएगा।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story