राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारियों का आंदोलन तेज, डीग में 13 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
डीग में राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारियों ने 13 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा, मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

तस्वीर में डीग उपखंड कार्यालय में राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारी महासंघ के प्रतिनिधिमंडल द्वारा मुख्य सचिव के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए लोग नजर आ रहे हैं।
राजस्थान राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारी महासंघ के प्रांतीय आह्वान पर डीग जिला इकाई ने राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारियों की लंबित 13 सूत्रीय मांगों के त्वरित निस्तारण की मांग को लेकर राज्य के मुख्य सचिव के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। जिला कलक्टर की अनुपस्थिति में महासंघ के जिला अध्यक्ष पुष्पेन्द्र कुमार भारद्वाज के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने यह ज्ञापन उपखंड अधिकारी डीग अमित कुमार मीना को सुपुर्द किया।
महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इससे पहले 4 अप्रैल 2025 को जयपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय रैली तथा 8 अप्रैल 2025 को प्रमुख शासन सचिव (राजस्व) के साथ हुई उच्च स्तरीय वार्ता में महासंघ की विभिन्न मांगों पर सहमति बनी थी, लेकिन लंबे समय बीतने के बाद भी सहमति पत्रों की ठोस क्रियान्विति नहीं हो सकी है।
ज्ञापन में उपखंड कार्यालयों में पटवार मंडलों के अनुपात में नए पदों के सृजन, नवगठित जिलों में कैडर रिव्यू के तहत स्वीकृत पदों को डीपीसी आयोजित कर भरने, जिला कलक्टर कार्यालयों को मिनी सचिवालय का दर्जा देकर प्रशासनिक कार्यालयों के समान पदनाम और वेतन भत्ते देने, तहसीलदार पदोन्नति के लिए ऑप्शन नियम बनाने तथा जिला मैनुअल में संशोधन कर पद अनुसार कार्य विभाजन परिपत्र जारी करने की प्रमुख मांगें रखी गई हैं।
इसके अलावा कार्मिकों को डीपीसी वर्ष 2026-27 में अनुभव में एक बारीय छूट देने, राजस्व मण्डल द्वारा फील्ड व भू-प्रबंध प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा कार्यस्थलों पर कंप्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर और उपयुक्त फर्नीचर जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है।
महासंघ ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश स्तरीय निर्णय के अनुसार मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जा रहा है। आंदोलन के प्रथम चरण में 10 अगस्त से 13 अगस्त 2026 तक प्रदेशभर के समस्त राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारी अपने-अपने कार्यालयों में काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज करवाएंगे।
महासंघ के अनुसार इसके बाद भी राज्य सरकार द्वारा सकारात्मक रुख नहीं अपनाए जाने पर आगामी उग्र आंदोलन की घोषणा की जाएगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ संरक्षक देवदत्त पाराशर, भूपेंद्र शर्मा, पुष्पेंद्र सिंह, विजय सिंह, गौरव सिंघल, मेघश्याम, निरीक्षा शुक्ला, अजय, पंकज, यश सहित राजस्व मंत्रालयिक कर्मचारी महासंघ, डीग के समस्त कार्मिक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
