राजीव गांधी पंचायत राज संगठन ने एडवोकेट अशोक कुमार शर्मा, प्रदेश सचिव, राजीव गांधी पंचायत राज विभाग, राजस्थान के नेतृत्व में बृज नगर विधानसभा क्षेत्र की सेमली ग्राम पंचायत में ‘चुनाव कराओ-लोकतंत्र बचाओ’ सत्याग्रह का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान ‘चुनाव आयोग की निष्पक्षता बहाल करो’, ‘संविधान बचाओ’ और ‘लोकतंत्र बचाओ’ के नारों के बीच गांव-गांव जनसंपर्क अभियान की शुरुआत सेमली ग्राम पंचायत से की गई।

इस जन अभियान में सेमली ग्राम पंचायत के कांग्रेस कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, पंच, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, युवा एवं अन्य नागरिक शामिल हुए। सभी ने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का सामूहिक संकल्प लिया।

मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश सचिव, राजीव गांधी पंचायत राज विभाग, राजस्थान के एडवोकेट अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया पर आधारित व्यवस्था है। उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठ रहे सवालों को लोकतंत्र के लिए चिंताजनक बताते हुए चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वायत्तता बनाए रखने पर जोर दिया।

एडवोकेट अशोक कुमार शर्मा ने आरोप लगाया कि वर्तमान समय में भाजपा सरकार जनता की सरकार की भूमिका निभाने के बजाय भाजपा पार्टी की सरकार की भूमिका निभा रही है तथा लोकतंत्र और संविधान की मूल भावनाओं को समाप्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जनता को निष्पक्ष न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिन संवैधानिक संस्थाओं की स्थापना की थी, उनका वर्तमान में भाजपा सरकार द्वारा दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) तथा चुनाव आयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि इन संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता प्रभावित हुई है।

उन्होंने कहा कि हाल ही में गांधीवादी विचारधारा के प्रचार-प्रसार में अपना पूरा जीवन समर्पित करने वाली गांधीवादी नेता मीनाक्षी नटराजन का मध्यप्रदेश से राज्यसभा के लिए नामांकन निरस्त किए जाने की घटना ने देश की चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और लोकतांत्रिक मूल्यों पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े किए हैं तथा लोकतंत्र और संविधान का उल्लंघन किया गया है।

एडवोकेट अशोक कुमार शर्मा ने कहा कि राजस्थान में स्थानीय निकाय, पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव समय पर नहीं कराना संविधान के अनुच्छेद 243E और 243U की भावना के विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे संविधान और लोकतंत्र की आत्मा पर आघात किया जा रहा है तथा न्यायालय के आदेश की अवमानना हो रही है।

उन्होंने कहा कि ‘लोकतंत्र बचाओ-चुनाव कराओ’ जन अभियान के माध्यम से जनता को जागरूक किया जा रहा है, क्योंकि स्थानीय निकाय, पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव नहीं कराकर भाजपा सरकार प्रत्येक नागरिक के वोट डालने और चुनाव लड़ने के अधिकार से वंचित कर रही है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की आर्थिक नीतियों के कारण महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जिससे अमीर और अधिक अमीर तथा गरीब और अधिक गरीब होता जा रहा है। उनके अनुसार सरकार अपने उद्योगपति मित्रों अडानी और अंबानी को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से ऐसी आर्थिक नीतियां बना रही है, जिनका नुकसान आम जनता को उठाना पड़ रहा है।

कार्यक्रम के दौरान सेमली ग्राम पंचायत के लोगों ने एडवोकेट अशोक कुमार शर्मा के साथ प्रताप सिंह नौगावा और ओमवीर नरूका का साफा पहनाकर स्वागत किया।

जन अभियान में प्रताप सिंह नौगावा, रामफल सैनी, नूतन सैनी, विजेंद्र सिंह मीणा, मदन जाटव, मामराज जाटव, पूरन सिंह जाट, छोटेलाल सैनी, ओमवीर नरूका, मोहनी सैनी, ओम प्रकाश टेंट वाले, हेतराम सैनी, रघुवीर प्रजापत, दीपचंद सैनी, मंगतू सैनी, पप्पू सिंह सहित कांग्रेस कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।

सेमली ग्राम पंचायत से शुरू हुआ यह जन अभियान स्थानीय निकाय चुनाव, चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता, संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को लेकर राजनीतिक बहस को और तेज करने वाला माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story