राधा रानी ब्रज यात्रा आदि बद्री धाम पहुंची, धरोहर संरक्षण याद किया
श्रद्धालुओं ने प्राचीन लीला स्थलों के दर्शन किए और रमेश बाबा के 40 वर्षीय वन संरक्षण संघर्ष को याद किया।

राधा रानी ब्रज यात्रा के दौरान आदि बद्री धाम में एकत्र श्रद्धालुओं ने प्राचीन तीर्थों के दर्शन किए।
डीग, 24 नवंबर। श्रीमान मंदिर सेवा संस्थान के सानिध्य में निकाली जा रही राधा रानी ब्रज यात्रा में हजारों ब्रजवासियों का श्रद्धा और भक्ति से सराबोर कारवां आदि बद्री धाम पहुंचा। हरिनाम संकीर्तन करते हुए नाचते-गाते श्रद्धालुओं ने ब्रज मंडल की प्राचीन एवं पौराणिक लीला स्थली से जुड़े दिव्य पर्वतों और तीर्थ स्थलों के दर्शन किए। पर्वतीय क्षेत्र में हजारों यात्रियों का एक साथ परिक्रमा करना अद्भुत दृश्य प्रस्तुत कर रहा था। श्रद्धालुओं ने इन पवित्र स्थलों के दर्शन को अपना परम सौभाग्य माना।
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने नर पर्वत, नारायण पर्वत, त्रिकूट पर्वत, गंधमादन, रोहिताचल, धवल गिरि, विंध्याचल, नील घाटी, गंगोत्री, यमुनोत्री, लक्ष्मण झूला, हरि की पौड़ी, हिरन खोई, मैनाक पर्वत और देव सरोवर सहित अनेक दिव्य पर्वतों एवं लीला स्थलों के दर्शन किए। एक ही यात्रा में इन सभी धार्मिक स्थलों का दर्शन करना श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक अनुभव रहा।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, रासलीला के दौरान भगवान श्रीकृष्ण के अंतर्धान होने के बाद विरहाकुल ब्रज गोपियों ने इन्हीं पर्वतीय क्षेत्रों में उनकी खोज की थी। मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपने माता-पिता को सभी तीर्थों का दर्शन कराने के उद्देश्य से यहां विभिन्न तीर्थों की स्थापना की थी। इसी धार्मिक मान्यता के कारण आदि बद्री क्षेत्र का विशेष आध्यात्मिक महत्व है।
यात्रा के दौरान ब्रज की इन अमूल्य प्राकृतिक एवं धार्मिक धरोहरों को खनन माफिया द्वारा डायनामाइट से उड़ाकर नष्ट किए जाने के पुराने संघर्ष को भी याद किया गया। वक्ताओं ने बताया कि ब्रज मंडल की धरोहरों के संरक्षण के लिए पद्मश्री रमेश बाबा ने संघर्ष नहीं किया होता तो संभवतः आज की पीढ़ी इन प्राचीन लीला स्थलों के दर्शन नहीं कर पाती।
उन्होंने बताया कि पद्मश्री रमेश बाबा ने लगभग 40 वर्षों तक कठिन संघर्ष करते हुए करीब 7 हजार हेक्टेयर क्षेत्र को आरक्षित वन घोषित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बाबा का दृढ़ विश्वास था कि समर्पित एवं निष्काम भक्ति के मार्ग पर चलने वाले व्यक्ति का कोई अहित नहीं कर सकता। उनके इसी संकल्प और विश्वास के परिणामस्वरूप असंभव को संभव बनाया जा सका और ब्रज की प्राकृतिक एवं धार्मिक विरासत को संरक्षण मिला।
यात्रा के दौरान भागवताचार्य भक्त शरण जी ने विभिन्न पर्वतों एवं लीला स्थलों की धार्मिक महत्ता का विस्तार से वर्णन किया। वहीं सुनील जी ने नक्शे के माध्यम से यात्रियों को सभी प्रमुख स्थलों की भौगोलिक स्थिति और उनके महत्व की जानकारी दी। पहाड़ों के बीच हजारों श्रद्धालुओं द्वारा हरिनाम संकीर्तन करते हुए भ्रमण करने से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस दिव्य लीला दर्शन यात्रा में बाबा ब्रजशरण जी, चैतन्य महाराज, बाबा मुकुंददास, गोविंद दास, श्री जी शर्मा, हरिप्रेम, गौरी देवी, राधाकांत शास्त्री, प्रभुदास, महंत शिवराम दास जी महाराज, राजकुमार शास्त्री और महेश शास्त्री सहित अनेक संतों एवं श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा। राधा रानी ब्रज यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं ने आदि बद्री धाम के प्राचीन तीर्थों और लीला स्थलों के दर्शन के साथ ब्रज की प्राकृतिक एवं धार्मिक विरासत के संरक्षण के संघर्ष को भी स्मरण किया।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
