आगामी मुड़िया पूर्णिमा मेला को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम चरण में पहुंचा दिया है। इसी क्रम में जिला कलक्टर मयंक मनीष ने गुरुवार को पूंछरी स्थित गोवर्धन पर्वत के सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिला कलक्टर ने अधिकारियों के साथ उत्तर प्रदेश-राजस्थान सीमा पर स्थित आन्यौर द्वार से निरीक्षण प्रारंभ किया। उन्होंने राजस्थान सीमा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 1200 सो मीटर संपूर्ण परिक्रमा मार्ग का पैदल अवलोकन करते हुए धरातल पर चल रहे अंतिम दौर के कार्यों का निरीक्षण किया और सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगमता से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। पुलिस विभाग द्वारा बनाए जा रहे वॉच टावर्स, पुलिस चौकियों, टेंट-कनात तथा बैरिकेडिंग की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। मेले में आने वाले परिक्रमार्थियों के विश्राम के लिए तैयार किए जा रहे आश्रय स्थलों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। जिला कलक्टर ने इन स्थलों पर पेयजल और पर्याप्त रोशनी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने परिक्रमा मार्ग पर आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के स्थलों, रंग-रोगन, विद्युत व्यवस्था तथा सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। मानसून के मौसम को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के दृष्टिकोण से मार्ग में स्थित सभी विद्युत ट्रांसफॉर्मरों को विशेष प्रोटेक्टिव शीट्स से पूरी तरह कवर कराया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका को शून्य किया जा सके।

मुड़िया पूर्णिमा मेला को लेकर जिला प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों को अब अंतिम रूप दिया जा रहा है। बारिश के मौसम को देखते हुए जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए पूरे ड्रेनेज सिस्टम को नालों के कवर से ढका जा रहा है। साथ ही जल निकासी के लिए पर्याप्त संख्या में पंप सेटों की तैनाती सुनिश्चित की गई है, जिससे भारी बारिश की स्थिति में भी पानी का तत्काल निकास हो सके।

जिला कलक्टर ने बताया कि राजस्व, नगर परिषद, नगरपालिका, पीडब्ल्यूडी, पीएचईडी और चिकित्सा विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की 24 घंटे राउंड-द-क्लॉक शिफ्टवार ड्यूटी लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और माननीय मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप मेले में आने वाले किसी भी परिक्रमार्थी और श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा उन्हें सुगम, सुरक्षित और सुखद वातावरण उपलब्ध कराया जाए, इसी प्राथमिकता के साथ पूरी टीम मुस्तैदी से कार्य कर रही है।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर राजकुमार कस्वां, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद भरतपुर मृदुल सिंह, उपखण्ड अधिकारी अमित मीना, तहसीलदार अंकित गुप्ता सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Pooran Prakash Bansal, Deeg

Pooran Prakash Bansal, Deeg

नाम: पूरण प्रकाश बंसल

पद: पत्रकार (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य

परिचय 

पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।

पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)

पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:

  • दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।

  • राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।

  • प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।

Next Story