भरतपुर के अनाहगेट मोक्षधाम में माहेश्वरी समाज ने लगाए 52 पौधे, लायंस क्लब ने की जनहित सुविधाओं की घोषणा
भरतपुर के अनाहगेट मोक्षधाम में माहेश्वरी समाज ने 52 पौधों का पौधारोपण किया। कार्यक्रम के दौरान लायंस क्लब ने जनहित सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

तस्वीर में अनाहगेट मोक्षधाम परिसर में पौधे लगाते और पौधों को सहारा देते हुए माहेश्वरी मंडल समिति और हरित बृज सोसायटी के सदस्य।
माहेश्वरी मंडल समिति द्वारा अनाहगेट मोक्षधाम में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से 52 पौधों का पौधारोपण किया गया। समिति के जिलाध्यक्ष ओपी माहेश्वरी ने बताया कि इस दौरान मोरछली, सिल्वर प्लांट, आंवला, देशी नीम और बॉटल ब्रश के 5-5 पौधे, फाईकस, बालमखीरा और जामुन के 4-4 पौधे, बिल्वपत्र व शीशम के 3-3 पौधे, अशोक छायादार के 2 पौधे तथा बरगद, अर्जुन, बकैन नीम, कचनार, मीठानीम, बंगाली कदम और पाखर के 1-1 पौधे लगाए गए। उन्होंने बताया कि अशोक के पौधे 12-12 फुट तथा अन्य सभी पौधे 8 से 10 फुट ऊंचाई के थे।
पौधारोपण कार्यक्रम में समाज के संरक्षक मोहनलाल माहेश्वरी, राजकिशोर माहेश्वरी, महामंत्री मुकेशकुमार माहेश्वरी, उपाध्यक्ष ललितकुमार माहेश्वरी, राधाबल्लभ माहेश्वरी, लक्ष्मीनारायण माहेश्वरी और सुमन माहेश्वरी मौजूद रहे। कार्यक्रम में हरित बृज सोसायटी की अध्यक्ष डॉ. संगीता चतुर्वेदी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विष्णुकुमार शर्मा, उपाध्यक्ष शीलम सिह, महामंत्री सतेन्द्र यादव, डॉ. रमाकांत चतुर्वेदी, जगदीश शर्मा, अशोक गुप्ता, राजवीर सिंह, अंतर्राष्ट्रीय वैश्य सम्मेलन के महामंत्री भारतभूषण अग्रवाल, ऑडिटर मनोज कुमार जैन, पूरन चंद मित्तल, दैनिक भास्कर के प्रमोद कल्याण, सत्येंद्र कौशिक तथा विशाल खंडेलवाल भी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर लायंस क्लब डायमंड के संस्थापक सदस्य लायन मोहनलाल माहेश्वरी ने लायंस क्लब की ओर से मोक्षधाम में लकड़ी ढोने के लिए हाथ ट्रॉली उपलब्ध कराने तथा शव रखने के स्थानों के चबूतरों के चारों ओर टाइल्स लगवाने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा का उपस्थित लोगों ने स्वागत किया। साथ ही मोक्षधाम में संचालित पानी की प्याऊ के सुचारु संचालन के लिए भी लायंस क्लब से अनुरोध किया गया।
समिति के महामंत्री मुकेश माहेश्वरी ने बताया कि समिति नियमित रूप से इस प्रकार के सामाजिक और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्य करती रहती है। उन्होंने कहा कि गत वर्ष भी इसी स्थान पर पौधारोपण किया गया था, जो अब बड़े पेड़ों का रूप ले चुका है। कार्यक्रम के अंत में हरित बृज सोसायटी के पदाधिकारियों ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।

Mukesh Kumar, Bharatpur
मुकेश कुमार भरतपुर से प्रात:काल वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। अपने गहन अनुसंधान और तथ्यपरक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाने वाले मुकेश ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से ताज़ा खबरें पाठकों तक पहुंचाते हैं। समाजिक मुद्दों, स्थानीय घटनाओं और महत्वपूर्ण समाचारों पर उनकी रिपोर्टिंग पाठकों के लिए विश्वसनीय और सूचनाप्रद होती है। मुकेश का उद्देश्य हमेशा सटीक और निष्पक्ष समाचार प्रस्तुत करना है, जिससे प्रात:काल अपने पाठकों के लिए एक भरोसेमंद समाचार स्रोत बना रहे।
