डीग में महाशिवरात्रि पर गूंजे बम भोले के जयकारे, शिवालयों में हुआ जलाभिषेक
डीग में महाशिवरात्रि पर शिवालयों में जलाभिषेक, हवन-यज्ञ और भजन-कीर्तन हुए। डाक कांवड़ियों ने हरिद्वार के गंगाजल से भगवान शिव का अभिषेक किया।

तस्वीर में शिवभक्त और एक व्यक्ति माइक लेकर हवन-यज्ञ के दौरान बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं।
सावन के महीने में शिवालयों में प्रतिदिन पूजार्चना के बीच महाशिवरात्रि के अवसर पर जिले में विभिन्न धार्मिक आयोजन किए गए। हवन-यज्ञ और भजन-कीर्तन में भक्तों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, वहीं शिवभक्तों ने शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर डाक कांवड़ियों ने हरिद्वार से लाए गए गंगाजल से भगवान शिव शंकर का जलाभिषेक किया। शिवभक्तों ने पंचामृत से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक कर आक, धतूरा, बेलपत्र, पुष्प और फल चढ़ाकर विधिवत पूजा की। इसके साथ ही इत्र और चंदन आदि से भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न किया गया।
शिवालयों में पूजा-अर्चना के दौरान शिवभक्तों द्वारा लगाए गए ‘बम भोले’ के जयकारों से वातावरण गुंजायमान हो गया। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ से खुशहाली और सुख-समृद्धि की कामना की।
वहीं, नवयुवतियों ने सुंदर और सुयोग्य वर की प्राप्ति के लिए भगवान आशुतोष का अभिषेक कर पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने भी महाशिवरात्रि के अवसर पर उपवास रखा। जिलेभर में धार्मिक आस्था और श्रद्धा के साथ हुए इन आयोजनों में भक्तों ने भगवान शिव की पूजा कर अपनी मनोकामनाओं और सुख-समृद्धि की कामना की।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
