कुम्हेर में 22.54 करोड़ की आरयूआईडीपी परियोजनाओं पर संवाद, जनप्रतिनिधियों से लिए सुझाव और फीडबैक
कुम्हेर में आरयूआईडीपी के 22.54 करोड़ रुपये के विकास कार्यों पर संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। परियोजनाओं की जानकारी के साथ जनप्रतिनिधियों से सुझाव भी लिए गए।

तस्वीर में नगर पालिका सभागार, कुम्हेर में आयोजित 'आरयूआईडीपी संवाद' कंसल्टेशन मीटिंग के दौरान अधिकारी और स्टेकहोल्डर्स बैठक में चर्चा करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पंचम चरण के तहत कुम्हेर शहर में 22.54 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर गुरुवार को नगर पालिका सभागार, कुम्हेर में ‘आरयूआईडीपी संवाद’ कंसल्टेशन मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में शहर के जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, प्रबुद्धजनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा अन्य स्टेकहोल्डर्स ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान आरयूआईडीपी के पंचम चरण में कराए जाने वाले विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित प्रतिभागियों से परियोजनाओं को लेकर सुझाव और फीडबैक भी प्राप्त किए गए। कार्यक्रम में नगर पालिका, कुम्हेर के अधिशाषी अधिकारी रविन्द्र चौधरी भी उपस्थित रहे।
आरयूआईडीपी के अधिशाषी अभियंता राजुल कुमार ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से कुम्हेर में पंचम चरण के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर में लगभग 22.54 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें एशियन विकास बैंक के वित्तपोषण से 17.94 करोड़ रुपये की लागत से अपशिष्ट जल प्रबंधन तथा शोधित अपशिष्ट जल के पुनः उपयोग से संबंधित कार्य किए जाएंगे।
इसके अलावा विश्व बैंक द्वारा वित्तपोषित परियोजना के तहत बाढ़ प्रबंधन एवं ड्रेनेज से जुड़े कार्य 1.05 करोड़ रुपये की लागत से कराए जाएंगे। वहीं कमान्ड एण्ड कन्ट्रोल सेन्टर तथा विरासत संरक्षण एवं पर्यटन संबंधी कार्यों पर 1.47 करोड़ रुपये व्यय किए जाएंगे। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए 2.08 करोड़ रुपये की लागत से कार्य कराए जाने का भी प्रस्ताव है।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न वक्ताओं ने शहरी विकास के क्षेत्र में आरयूआईडीपी द्वारा किए जा रहे कार्यों के सफल क्रियान्वयन के लिए स्थानीय निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों और अधिकारियों के सहयोग को आवश्यक बताया। उन्होंने आरयूआईडीपी तथा स्थानीय निकायों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका, कुम्हेर के अधिशाषी अधिकारी रविन्द्र चौधरी ने आरयूआईडीपी के पंचम चरण की परियोजना को कुम्हेर के लिए महत्वपूर्ण और उपयोगी बताया तथा इसके लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने नगर पालिका और शहरवासियों की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए कहा कि परियोजना की सफलता के लिए आरयूआईडीपी, नगर पालिका और अन्य सहयोगी विभागों के बीच बेहतर सामंजस्य आवश्यक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस योजना का लाभ कुम्हेर की जनता को बहुत जल्द मिलेगा।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
