डीग। जिले के थाना जुरहरा पुलिस ने ऑपरेशन “एण्टीवायरस-2.0” के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सायबर अपराधियों पर जोरदार शिकंजा कसा है। देर रात मुखबिर की सूचना पर जुरहरा पुलिस ने डीएसटी व सायबर सेल टीम डीग के साथ संयुक्त अभियान चलाकर इंडस्ट्रियल एरिया सौनोंखर के पीछे चल रहे सायबर ठगी के अड्डे पर दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने मौके पर सायबर ठगी में लिप्त नौ आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छह एंड्रॉइड मोबाइल फोन, बारह फर्जी सिम कार्ड और तीन मोटरसाइकिलें जब्त कीं, जो ऑनलाइन ठगी की वारदातों में प्रयुक्त की जा रही थीं। गिरफ्तार आरोपियों में नौसाद पुत्र हनीफ (19), सालिम पुत्र शेर मोहम्मद (19), उमर पुत्र मेहताव (60), तौफीक पुत्र समसू (32), सलीम पुत्र समसू (28), कैफ पुत्र साहून (19), रहीस पुत्र इस्लाम (31), यूनुस पुत्र रफीक (18) और अनीस पुत्र हबीब (20) शामिल हैं। सभी आरोपी थाना जुरहरा क्षेत्र के विभिन्न गांवों — नगला कुंदन, पाई, हुल्ताना और कंचननेर — के निवासी हैं।

थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार चौधरी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना जुरहरा में मुकदमा नंबर 334/1.11.2025 विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन एण्टीवायरस-2.0” के अंतर्गत सायबर अपराधों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य ऐसे ठगों पर लगाम लगाना और आमजन को सायबर अपराधों से सुरक्षित रखना है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम, सायबर सेल प्रभारी नरेश कुमार तथा जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) प्रभारी वीरेन्द्र सिंह अपनी टीमों के साथ शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस संयुक्त अभियान से क्षेत्र में सक्रिय सायबर ठगों में हड़कंप मच गया है और उनके हौसले पस्त हुए हैं।

डीग जिला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन एण्टीवायरस-2.0” के तहत सायबर अपराधों के खिलाफ अभियान सतत जारी रहेगा। पुलिस ने जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की सायबर ठगी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत निकटतम पुलिस थाने या सायबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें, ताकि समय रहते अपराधियों पर कार्रवाई की जा सके और लोगों की मेहनत की कमाई सुरक्षित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story