डीग में ब्रज 84 कोस परिक्रमा मार्ग के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित
गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री की मंशानुरूप श्रद्धालुओं के लिए उत्कृष्ट व्यवस्थाएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीग के पंचायत समिति सभागार में आयोजित जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक में उपस्थित (बाएं से दाएं) अधिकारी, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म और जिला कलेक्टर मयंक मनीष।
राजस्थान सरकार के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने गुरुवार को पंचायत समिति सभागार, डीग में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने अधिक मास के पावन अवसर पर आयोजित हो रही बृज 84 कोस परिक्रमा के दृष्टिगत परिक्रमा मार्ग पर किए जा रहे विकासात्मक एवं जन-सुविधा कार्यों की सघन समीक्षा की। इस दौरान जिला कलेक्टर डीग मयंक मनीष उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान गृह राज्य मंत्री बेढ़म ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशानुरूप परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए सर्वोत्कृष्ट व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मार्ग में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, शुद्ध पेयजल, ठहरने के लिए उपयुक्त आश्रय स्थल तथा उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने विश्राम स्थलों पर कूलर की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिगत उन्होंने सभी विश्राम स्थलों और महत्वपूर्ण पड़ावों के बाहर प्लास्टिक उपयोग पूर्णतः निषेध होने के सूचक बोर्ड लगाए जाने के आदेश दिए। इसके साथ ही भंडारों एवं विश्राम स्थलों पर गैस सिलेंडरों की सुरक्षित आपूर्ति तथा लीकेज की जांच सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
गृह राज्य मंत्री ने अधिकारियों को भामाशाहों को प्रेरित कर उनकी सहभागिता बढ़ाने तथा परिक्रमा मार्ग में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालु जागरूक होकर लाभान्वित हो सकें।
परिक्रमा के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप को और अधिक भव्य बनाने के लिए उन्होंने परिक्रमा मार्ग पर स्थापित स्वागत द्वारों को आकर्षक रूप से सजाने के निर्देश दिए। साथ ही आदिबद्री धाम, केदारनाथ, भोजनथाली और कौथरा गेट जैसे प्रमुख पड़ावों को विशेष रूप से सुसज्जित करने तथा कला जत्थों के माध्यम से इन स्थलों पर भगवान श्री कृष्ण के जीवन चरित्र पर आधारित मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित कराने के निर्देश दिए।
बैठक के समापन पर गृह राज्य मंत्री बेढ़म ने कहा कि समग्र ब्रज क्षेत्र अत्यंत पवित्र एवं जन-आस्था का प्रमुख केंद्र है और इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में स्थानीय जनप्रतिनिधि प्रशासन के साथ पूर्ण समन्वय स्थापित कर सक्रिय सहयोग प्रदान करेंगे।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
