डीगबहताना रोड स्थित जिला कारागृह डीग में तैनात एक महिला जेल प्रहरी का 13 वर्षीय पुत्र पिछले आठ दिनों से लापता है। परिवार और पुलिस की अथक कोशिशों के बावजूद अब तक बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला है, जिससे परिजनों की व्याकुलता लगातार बढ़ती जा रही है।


घटना 27 अक्टूबर की सुबह की बताई जा रही है, जब महिला प्रहरी का बेटा खेमेश उर्फ गुड्डू करीब 11 बजे जेल आवास से खेलने के लिए निकला था। लेकिन वह उस दिन वापस घर नहीं लौटा। परिजनों ने पहले आस-पड़ोस और रिश्तेदारों के यहां खोजबीन की, परंतु कहीं से भी बच्चे का पता नहीं चला।


लापता बालक की मां, जो उसी दिन ड्यूटी पर थीं, ने बताया कि जब शाम तक बेटा घर नहीं लौटा तो उन्होंने सहकर्मियों और रिश्तेदारों की मदद से उसकी तलाश शुरू की। रातभर खोजबीन के बावजूद कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने स्थानीय थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।


खेमेश सहारई रोड स्थित एक निजी विद्यालय में कक्षा सातवीं का छात्र है। पुलिस ने मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, डीग पुलिस टीम आसपास के क्षेत्रों, बस अड्डों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से बच्चे की संभावित लोकेशन का पता लगाने की कोशिश कर रही है। हालांकि, अब तक किसी ठोस सुराग का हाथ नहीं लग पाया है।


स्थानीय प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को इस बालक के बारे में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। आठ दिनों से लापता खेमेश की तलाश में जुटी पुलिस और चिंतित परिजनों की निगाहें अब किसी सकारात्मक सूचना की प्रतीक्षा में हैं।

Next Story