डीग के कामा गेट पर अवैध शराब बिक्री के खिलाफ महिलाओं का आबकारी कार्यालय पर प्रदर्शन
डीग के कामा गेट क्षेत्र में रात भर अवैध शराब बिकने से परेशान महिलाओं ने आबकारी विभाग का घेराव कर कार्रवाई की मांग की।

भरतपुर के कामा गेट स्थित आबकारी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करतीं मोहल्ले की महिलाएं। स्थानीय महिलाओं का आरोप है कि ठेका बंद होने के बाद भी रात भर अवैध रूप से शराब बेची जा रही है, जिससे क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है।
डीग शहर के कामा गेट स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके के सामने गोदी मोहल्ला क्षेत्र में रात 8 बजे से सुबह 10 बजे तक अवैध रूप से शराब बिक्री किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय महिलाओं ने आरोप लगाया है कि ठेका बंद होने के बाद भी अवैध शराब विक्रेता सक्रिय रहते हैं और कामा गेट क्षेत्र में खुलेआम शराब बेची जा रही है।
महिलाओं के अनुसार उनके बच्चे, पति तथा मोहल्ले के अन्य लोग ठेका बंद होने के बाद इसी अवैध बिक्री केंद्र से शराब खरीदकर सेवन कर रहे हैं, जिसके कारण सुबह से ही शराब के नशे में लोग घरों में उत्पात मचाते हैं और महिलाओं एवं बच्चों के साथ मारपीट की घटनाएं हो रही हैं। इससे क्षेत्र का सामाजिक माहौल लगातार प्रभावित हो रहा है।
इस स्थिति से आक्रोशित महिलाओं ने लगभग एक घंटे तक शराब ठेके के बाहर जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने आबकारी अधिकारी कार्यालय का घेराव भी किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने आरोप लगाया कि आबकारी पुलिस की साठगांठ के चलते अवैध शराब बेचने वाले के हौसले बुलंद हैं और आबकारी अधिकारी इस अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने से कतरा रहे हैं।
महिलाओं ने प्रशासन से तत्काल प्रभाव से अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह मामला अब क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
