डीग, 14 अगस्त। ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के अंतर्गत शुक्रवार को बृजनगर कस्बे में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति से ओतप्रोत विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राएं, युवा, मातृशक्ति, प्रबुद्ध नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए।

विशाल तिरंगा यात्रा बृजनगर के मुख्य मार्गों, बाजारों और चौराहों से होकर गुजरी। यात्रा मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारिक संगठनों ने पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया। हाथों में लहराते तिरंगों के साथ कदमताल करते युवाओं और छात्राओं के अनुशासन ने सभी का मन मोह लिया। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र तिरंगामय नजर आया और जन-जन में स्वतंत्रता दिवस को लेकर उत्साह तथा राष्ट्रीय स्वाभिमान की भावना दिखाई दी।

तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि 9 अगस्त 1942 को जब अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन का शंखनाद हुआ, तो पूरे देश में आजादी की अभूतपूर्व क्रांति की लहर दौड़ गई थी। देश के वीर शहीदों की महान कुर्बानियों, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और आमजन के राष्ट्रव्यापी आंदोलन के परिणामस्वरूप ही 15 अगस्त 1947 को हमारा देश स्वतंत्र हुआ।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भारत की अखंडता, संप्रभुता और आन-बान-शान का सर्वोच्च प्रतीक है। इसके मान-सम्मान की रक्षा के लिए लाखों वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है।

गृह राज्य मंत्री ने आह्वान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित ‘हर घर तिरंगा अभियान’ का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के हृदय में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रभाव को और अधिक प्रगाढ़ करना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से 15 अगस्त के पावन पर्व पर अपने-अपने घरों, दुकानों और संस्थानों पर गरिमा के साथ तिरंगा फहराने तथा देश के विकास और नवनिर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थी एवं भारी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। बृजनगर में आयोजित तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस से पहले क्षेत्र में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को व्यापक रूप से प्रदर्शित किया।

Pooran Prakash Bansal, Deeg

Pooran Prakash Bansal, Deeg

नाम: पूरण प्रकाश बंसल

पद: पत्रकार (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य

परिचय 

पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।

पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)

पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:

  • दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।

  • राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।

  • प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।

Next Story