डीग में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुई लाठीचार्ज की घटना के विरोध में शुक्रवार को डीग युवा शक्ति के बैनर तले युवाओं ने रैली निकालकर राष्ट्रपति के नाम उपखंड अधिकारी अमित मीणा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई।

युवाओं की यह रैली पुराने बस स्टैंड स्थित शहीद स्मारक से शुरू हुई, जो गणेश मंदिर, पुरानी अनाज मंडी, लक्ष्मण मंदिर, मुख्य बाजार, लोहा मंडी और नई सड़क होते हुए पुनः शहीद स्मारक पहुंची। रैली के दौरान युवाओं ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।

ज्ञापन में कहा गया कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक को शांतिपूर्ण ढंग से विरोध-प्रदर्शन करने का संवैधानिक अधिकार है। यदि प्रदर्शनकारियों के साथ किसी प्रकार का अनुचित व्यवहार या बल प्रयोग हुआ है तो इसकी उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जानी चाहिए।

युवाओं ने ज्ञापन में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई, घायल प्रदर्शनकारियों को उचित उपचार एवं सहायता उपलब्ध कराने, भविष्य में शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।

ज्ञापन में मामले की नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लेने की मांग भी उठाई गई। इस अवसर पर नरेश पहलवाडा, राहुल फौजदार (बहज), पदम (महमदपुर), मोनू (बहज), विशाल (कौरेर) और मनोज जाटव सहित बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए इस ज्ञापन के माध्यम से युवाओं ने जंतर-मंतर की घटना की निष्पक्ष जांच और प्रदर्शनकारियों के अधिकारों की सुरक्षा को लेकर अपनी मांगें प्रशासन के सामने रखीं।

Pooran Prakash Bansal, Deeg

Pooran Prakash Bansal, Deeg

नाम: पूरण प्रकाश बंसल

पद: पत्रकार (प्रातः काल)

कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य

परिचय 

पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।

पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)

पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:

  • दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।

  • राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।

  • प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।

Next Story