डीग में जुड़वां भाइयों की हत्या का खुलासा, मां प्रीति और उसका प्रेमी राजेश गिरफ्तार
राजस्थान के डीग जिले के बडेसरा गांव में दो नाबालिग जुड़वां भाइयों विनय और विष्णु की हत्या के मामले में पुलिस ने उनकी मां प्रीति और उसके प्रेमी राजेश को गिरफ्तार किया है। ऑपरेशन संकल्प के तहत हुई कार्रवाई में कई अहम तथ्य सामने आए।

डीग। राजस्थान के डीग जिले के गांव बडेसरा में दो नाबालिग जुड़वां भाइयों विनय और विष्णु की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए उनकी मां प्रीति और उसके प्रेमी राजेश को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन संकल्प’ के तहत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक अनुसंधान और पूछताछ में सामने आया कि प्रेम प्रसंग तथा उसके उजागर होने के डर से दोनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना के संबंध में 20 अक्टूबर 2026 को घनश्याम (64) पुत्र भंवरसिंह, जाति जाट, निवासी बडेसरा ने थाना जनूथर में लिखित रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनके दो नवासों विनय और विष्णु की हत्या कर शव देशराज के वाड़े में छिपा दिए गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर थाना जनूथर में प्रकरण संख्या 131/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) और 61(2)(ए) में मामला दर्ज किया गया। मामले का अनुसंधान थानाधिकारी रामभरोसी को सौंपा गया।
घटना की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे के लिए ‘ऑपरेशन संकल्प’ चलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण एफएसएल (FSL) टीम, डॉग स्क्वायड और एमओबी (MOB) टीम से करवाकर साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही पुलिस टीमों ने गांव में विभिन्न पहलुओं पर सघन पूछताछ की और गुप्त सूचनाएं एकत्र कीं।
पुलिस के अनुसार, अब तक के अनुसंधान और पूछताछ में सामने आया कि मृतक बालकों की मां प्रीति का गांव के ही राजेश के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस का कहना है कि प्रेम प्रसंग उजागर होने के डर से दोनों ने योजनाबद्ध तरीके से रात के समय वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि धारदार हथियार से वार कर जुड़वां भाइयों विनय और विष्णु की हत्या कर दी गई। इसके बाद दोनों के शव घर से कुछ दूरी पर सुनसान स्थान पर कड़बी के पूंजों में छिपा दिए गए।
पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मनोवैज्ञानिक तरीके से दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। मामले में पुलिस अब अन्य साक्ष्यों और तथ्यों की गहनता से जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रीति पत्नी स्वर्गीय निरंजन, उम्र 35 वर्ष, जाति जाट, निवासी बडेसरा, थाना जनूथर, जिला डीग शामिल है। वह मृतक बालकों की मां है। दूसरे आरोपी राजेश पुत्र हीरालाल, उम्र 40 वर्ष, जाति जाट, निवासी बडेसरा, थाना जनूथर, जिला डीग को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
