डीग विशेष लोक अदालत में 325 मामलों का निपटारा, पक्षकारों को मिली बड़ी राहत Article
डीग विशेष लोक अदालत में 1138 मामलों में से 325 केस सफल हुए, न्यायाधीशों की मौजूदगी में पक्षकारों को मिला त्वरित समाधान।

डीग में आयोजित विशेष लोक अदालत कार्यक्रम में उपस्थित न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता और आमजन।
डीग में 18 जुलाई को न्यायालय परिसर में आयोजित विशेष लोक अदालत में बड़ी संख्या में मामलों का आपसी सहमति से समाधान किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला व सत्र न्यायाधीश हेमराज गौड़, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डीग राम किशन एवं अपर जिला सेशन न्यायाधीश द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया।
विशेष लोक अदालत में न्याय पाने और अपने मुकदमों को आपसी सहमति से सुलझाने के लिए आमजन ने बड़ी संख्या में भाग लिया। लोक अदालत के दौरान पक्षकारों की समस्याओं और वादों को संवेदनशीलता के साथ सुना गया। अध्यक्ष व जिला न्यायाधीश हेमराज गौड़ ने स्वयं कई मामलों की गहनता से सुनवाई की और पक्षकारों को आपसी समझाइश के माध्यम से विवाद समाप्त करने के लिए प्रेरित किया। उनके प्रयासों से मौके पर ही कई मामलों का निस्तारण हुआ, जिससे वर्षों से कानूनी प्रक्रिया में चल रहे मामलों से जुड़े लोगों को राहत मिली।
विशेष लोक अदालत के सुचारू संचालन के लिए डीग न्याय क्षेत्र में तालुका स्तर सहित कुल 5 विशेष बेंचों का गठन किया गया था। इन बेंचों में 912 में से 213 न्यायालयों के लंबित केस एवं प्री लिटिगेशन के 226 में से 112 केस सफल किए गए। बेंचों में मुख्य रूप से बैंकों के बकाया ऋण, धारा 138 एनआई एक्ट (चेक बाउंस) और प्री-लिटिगेशन (अदालत में आने से पहले के विवाद) से जुड़े मामलों की सुनवाई की गई और दोनों पक्षों की रजामंदी से उनका सफल सेटलमेंट किया गया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डीग के सचिव रामकिशन शर्मा, अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्रीमती सरोज मीणा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती रेनू सकीत, सिविल न्यायाधीश एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री भाविका कुलहरी, जेजेबी मजिस्ट्रेट सुश्री कुसुम मीणा, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नमो नारायण मीणा, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुबोध पाराशर, एलएडीसी चीफ विनोद कुमार शर्मा, डिप्टी चीफ राजेंद्र कुमार शर्मा, सीओ सीताराम बैरवा, अपर लोक अभियोजक राकेश खण्डेलवाल, पैनल एडवोकेट प्रवीन चौधर, विक्रम सिंह व आनंद पटेल सहित न्यायालय परिसर के अन्य सम्मानित अधिवक्ता गण और न्यायिक कर्मचारी उपस्थित रहे।
सभी के सामूहिक सहयोग से आयोजित इस विशेष लोक अदालत में बड़ी संख्या में मुकदमों का निपटारा किया गया और आमजन को सुलभ एवं त्वरित न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया गया।

Pooran Prakash Bansal, Deeg
नाम: पूरण प्रकाश बंसल
पद: पत्रकार (प्रातः काल)
कार्यक्षेत्र: डीग जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): जिला समाचार, क्राइम (अपराध), प्रशासन, और स्वास्थ्य
परिचय
पूरण प्रकाश बंसल राजस्थान के डीग जिले के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल' समाचार पत्र में एक पत्रकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। पूरण जी डीग जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों से जिला स्तरीय समाचार, प्रशासनिक गतिविधियों, स्वास्थ्य व्यवस्था और आपराधिक मामलों (क्राइम) की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। क्षेत्र की जनता की समस्याओं को उठाना और खबरों को पूरी प्रामाणिकता के साथ पेश करना उनकी पत्रकारिता की पहचान है।
पत्रकारिता का लंबा अनुभव (Work Experience)
पूरण प्रकाश बंसल जी को मीडिया इंडस्ट्री में दो दशकों से भी अधिक (साल 2004 से) का एक व्यापक और समृद्ध अनुभव है। अपने इस लंबे सफर में उन्होंने देश और राज्य के कई बड़े समाचार पत्रों के साथ काम किया है:
- दैनिक जागरण: पत्रकारिता क्षेत्र में लंबा और जमीनी अनुभव।
- राजदूत: वरिष्ठ स्तर पर समाचार कवरेज का अनुभव।
- प्रातः काल: साल 2022 से लगातार 'प्रातः काल' के साथ जुड़कर डीग जिले की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी माध्यमिक शिक्षा (10वीं पास) पूरी की है। साल 2004 से लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण डीग जिले की भौगोलिक, सामाजिक और प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर उनका जमीनी अनुभव किसी भी बड़ी डिग्री से कहीं अधिक मजबूत है।
